
बिजनौर: उत्तर प्रदेश के बिजनौर में हैरान कर देने वाला मामला सामने आया है, जहां एक मेडिकल स्टोर संचालक की बाइक से आवारा कुत्ता एक लाख रुपये से भरा बैग लेकर फरार हो गया। पूरी घटना पास लगे सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई, जिसका वीडियो अब सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। फुटेज में साफ दिखाई दे रहा है कि कुत्ता बाइक के बैग से काली पन्नी निकालकर भागता नजर आ रहा है।
जानकारी के अनुसार, शहर के बुल्ला चौराहे निवासी नवाब पशुओं की दवाइयों का मेडिकल स्टोर चलाते हैं। शनिवार दोपहर वह शंभा बाजार स्थित किले वाली मस्जिद में नमाज अदा करने पहुंचे थे। उन्होंने अपनी बाइक मस्जिद से कुछ दूरी पर एक गली में खड़ी कर दी थी।
बताया जा रहा है कि दुकान की बिक्री के करीब एक लाख रुपये उन्होंने काली पन्नी में बांधकर बाइक के बैग में रख दिए थे। जल्दबाजी में नवाब बैग की चेन बंद करना भूल गए। नमाज पढ़कर लौटने के बाद जब उन्होंने बाइक संभाली तो बैग से रुपयों वाली पन्नी गायब थी। यह देख उनके पैरों तले जमीन खिसक गई।
उन्होंने तुरंत आसपास तलाश शुरू की और लोगों से पूछताछ भी की, लेकिन कोई सुराग नहीं मिला।इसके बाद आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली गई। फुटेज में एक आवारा कुत्ता बाइक के पास आता दिखाई देता है। कुछ देर सूंघने के बाद वह बैग में मुंह डालकर काली पन्नी निकाल लेता है और वहां से भाग जाता है। माना जा रहा है कि कुत्ते ने पन्नी को खाने-पीने की चीज समझकर उठा लिया। घटना के बाद नवाब और स्थानीय लोगों ने देर रात तक इलाके में कुत्ते और रुपये से भरी पन्नी की तलाश की, लेकिन कोई सफलता हाथ नहीं लगी। काफी खोजबीन के बाद हताश कारोबारी वापस लौट गया। फिलहाल मामले में पुलिस को कोई लिखित शिकायत नहीं दी गई है।

