

रांची: बिरसा मुंडा एयरपोर्ट रांची पर हवाई यात्रा के दौरान टिकट, बोर्डिंग, सामान या अन्य व्यवस्थाओं से जुड़ी शिकायतों के त्वरित समाधान के लिए एयरपोर्ट प्रबंधन ने विशेष पहल की है। यात्रियों की सहूलियत और पारदर्शिता सुनिश्चित करने के मकसद से एयरपोर्ट अथॉरिटी ऑफ इंडिया (AAI), नागरिक उड्डयन मंत्रालय और विभिन्न एयरलाइन कंपनियों के हेल्पलाइन नंबर व ई-मेल आईडी जारी किए गए हैं। इस कदम से अब यात्रियों की शिकायतें स्थानीय स्तर पर ही सीमित नहीं रहेंगी, बल्कि केंद्रीय स्तर तक त्वरित कार्रवाई संभव हो सकेगी। इसी कड़ी में एयरपोर्ट निदेशक विनोद कुमार ने टर्मिनल परिसर का निरीक्षण किया और यात्रियों से सीधा संवाद कर मिलने वाली सुविधाओं जैसे चेक-इन, सीटिंग, बोर्डिंग और दिव्यांगों को मिलने वाली व्हीलचेयर सेवा का फीडबैक लिया। उन्होंने संबंधित अधिकारियों व एयरलाइन कर्मियों को यात्रियों की समस्याओं के प्रति संवेदनशील रहने और तत्काल सहायता देने के सख्त निर्देश दिए।





यदि यात्रियों को कोई परेशानी होती है तो वे सबसे पहले संबंधित एयरलाइन से संपर्क कर सकते हैं। इंडिगो एयरलाइंस के यात्री इंडिगो के मैनेजर ऑन ड्यूटी (7763070222) या ixr.co@goindigo.in पर संपर्क कर सकते हैं, जबकि एयर इंडिया व एयर इंडिया एक्सप्रेस के यात्री 7400305746 पर फोन अथवा india_ixr@airindiaexpress.com पर मेल भेजकर शिकायत दर्ज करा सकते हैं। एयरपोर्ट परिसर में किसी भी समस्या के लिए टर्मिनल मैनेजर (0651-2250282, 9471182538) अथवा लोक शिकायत अधिकारी (9433275840, 7004508120) से संपर्क किया जा सकता है। इसके अलावा ई-मेल pgo_ranchi@aai.aero पर भी शिकायतें भेजी जा सकती हैं। स्थानीय स्तर पर समाधान न मिलने पर यात्री नागरिक उड्डयन मंत्रालय के पैसेंजर असिस्टेंस कंट्रोल रूम (011-24632987, 011-24604283) या फिर airsewa.gov.in और pgportal.gov.in के माध्यम से अपनी बात पहुंचा सकते हैं।
