पंजाब में राजनीतिक अस्थिरता फैलाने को लेकर भाजपा ने बोला कांग्रेस पर हमला

News Aroma
2 Min Read
WhatsApp Group Join Now
Instagram Follow Now

नई दिल्ली: पंजाब में मचे राजनीतिक घमासान को लेकर कांग्रेस पर निशाना साधते हुए भाजपा ने कहा कि पंजाब में जो हो रहा है वो सारा हिंदुस्तान देख रहा है।

पंजाब में चल रही राजनीतिक सरगर्मियों को चिंताजनक बताते हुए भाजपा ने कहा कि अस्थिरता, कांग्रेस का पर्यायवाची बन चुका है।

भाजपा मुख्यालय में मीडिया से बात करते हुए भाजपा के राष्ट्रीय प्रवक्ता संबित पात्रा ने कहा कि पंजाब में जो राजनीतिक सरगर्मियां चल रही हैं, वो वास्तविक रूप में चिंताजनक हैं।

यह सब जानते हैं कि पंजाब एक बार्डर स्टेट है और राष्ट्रीय सुरक्षा के लिए पंजाब में स्थिरता का रहना बहुत अनिवार्य और महत्वपूर्ण है।

पंजाब कांग्रेस में मचे घमासान को महत्वाकांक्षाओं की लड़ाई बताते हुए पात्रा ने कहा कि कोई भी पंजाब के बारे में नहीं सोच रहा है।

 हालत यह हो गई है मनीष तिवारी , संदीप दीक्षित और जी-23 के नेता अपने-अपने मन की पीड़ा रख रहे हैं।

कांग्रेस पर कटाक्ष करते हुए संबित पात्रा ने कहा कि पंजाब में मुख्यमंत्री बदलने को बड़ा रणनीतिक दांव मानते हुए सोनिया और राहुल गांधी छुट्टी मनाने तक चले गए थे, लेकिन सिद्धू और चन्नी के बीच लड़ाई चल रही है।

संबित पात्रा ने केरल में दिए गए राहुल गांधी के एक और बयान का हवाला देते हुए कहा कि अब राहुल गांधी कह रहे हैं कि वो किसी बॉर्डर को नहीं मानते हैं , यह कैसा बयान है ?

राहुल गांधी, कांग्रेस पार्टी किसी बॉर्डर को नहीं मानती और उधर उनके सर्वेसर्वा सिद्धू बाजवा से गले मिलते हैं।

भाजपा प्रवक्ता ने पंजाब प्रकरण को राहुल गांधी की असाधारण असफलता बताते हुए यह आरोप लगाया कि इसे छिपाने के लिए अब पत्रकारों और पत्रकारिता पर हमला किया जा रहा है।

संबित पात्रा ने कहा कि राष्ट्रीय सुरक्षा के लिए पंजाब में स्थिरता का रहना बहुत जरूरी है और देश की सुरक्षा एवं हितों के साथ किसी तरह का भी खिलवाड़ नहीं होना चाहिए।

Share This Article