केरव गांधी की सकुशल वापसी पर भाजपा ने आंदोलन को बताया कारण

Archana Ekka
2 Min Read
WhatsApp Group Join Now
Instagram Follow Now
  1. Jamshedpur : जमशेदपुर के व्यवसायी के पुत्र केरव गांधी की सकुशल बरामदगी को लेकर भाजपा प्रदेश अध्यक्ष आदित्य साहू ने इसे पार्टी के आंदोलन और लगातार बनाए गए दबाव का परिणाम बताया है। उन्होंने कहा कि यह राहत की खबर जरूर है, लेकिन ऐसी घटनाएं भविष्य में न हों, इसके लिए पुलिस प्रशासन को और सतर्क रहने की जरूरत है।

पार्टी नेताओं और कार्यकर्ताओं को दिया धन्यवाद

आदित्य साहू ने इस मामले में सहयोग करने वाले पार्टी नेताओं और कार्यकर्ताओं का आभार जताया। उन्होंने पूर्व मुख्यमंत्री बाबूलाल मरांडी, अर्जुन मुंडा, रघुवर दास, मधु कोड़ा, चंपई सोरेन, सांसद विद्युत वरण महतो, डॉ. दिनेशानंद गोस्वामी, विधायक पूर्णिमा साहू सहित जिला अध्यक्षों और कार्यकर्ताओं की भूमिका की सराहना की। उन्होंने कहा कि सभी ने मिलकर पुलिस प्रशासन पर उचित दबाव बनाया, जिससे बच्चे की सकुशल बरामदगी संभव हो सकी।

पुलिस प्रशासन की जिम्मेदारी पर सवाल

प्रदेश अध्यक्ष ने पुलिस को बधाई देते हुए कहा कि राज्य की जनता की सुरक्षा उनकी जिम्मेदारी है। उन्होंने चिंता जताई कि जिस तरह राज्य में अपराधियों का मनोबल बढ़ रहा है, उससे आम लोगों का भरोसा पुलिस पर कम हो रहा है। अपहरण, फिरौती और भ्रष्टाचार की घटनाएं राज्य के लिए गंभीर समस्या बनती जा रही हैं।

आंदोलन के बिना भी हो सकती थी कार्रवाई

आदित्य साहू ने कहा कि पार्टी के आंदोलन के बाद जिस तरह गरीब मां-बाप के बच्चे घर लौटे, यह काम पुलिस बिना आंदोलन के भी कर सकती थी। लेकिन ऐसा लगता है कि पुलिस अपनी जिम्मेदारी से पीछे हट रही है और भ्रष्ट सरकार की ढाल बनती जा रही है।

अन्य परिवारों को भी न्याय की उम्मीद

उन्होंने आगे कहा कि अभी भी कई गरीब परिवार अपने बच्चों की राह देख रहे हैं। लगभग 50 बच्चों की बरामदगी के बाद अन्य परिवारों को भी उम्मीद जगी है। पुलिस को चाहिए कि वह इन परिवारों के भरोसे पर खरा उतरे और सभी बच्चों की सुरक्षित वापसी सुनिश्चित करे।

Share This Article
अर्चना एक्का को पत्रकारिता का दो वर्ष का अनुभव है। उन्होंने अपने पत्रकारिता करियर की शुरुआत इंटर्नशिप से की। इस दौरान उन्होंने झारखंड उजाला, सनमार्ग और इम्पैक्ट नेक्सस जैसे मीडिया संस्थानों में काम किया। इन संस्थानों में उन्होंने रिपोर्टर, एंकर और कंटेंट राइटर के रूप में कार्य करते हुए न्यूज़ रिपोर्टिंग, एंकरिंग और कंटेंट लेखन का अनुभव प्राप्त किया। पत्रकारिता के क्षेत्र में वह सक्रिय रूप से काम करते हुए अपने अनुभव को लगातार आगे बढ़ा रही हैं।