दिल्ली की 7 लोस सीटों में BJP ने 2 पर महिलाओं को उतारा,सुषमा स्वराज की बेटी..

News Aroma
3 Min Read
WhatsApp Group Join Now
Instagram Follow Now

BJP Lok Sabha Seats in Delhi: भारतीय जनता पार्टी (BJP) ने दिल्ली की सात लोकसभा सीटों में से पांच पर अपने उम्मीदवार घोषित कर दिए हैं। घोषित किए गए पांच उम्मीदवारों में से दो महिलाएं हैं।

गौरतलब है कि पिछले दो लोकसभा चुनावों में BJP लगातार दिल्ली की सभी सातों सीटें जीती हैं। नई दिल्ली लोकसभा सीट पर BJP प्रत्याशी बांसुरी स्वराज और आम आदमी पार्टी के सोमनाथ भारती के बीच मुकाबला होगा।

पूर्व केंद्रीय मंत्री Sushma Swaraj की बेटी बांसुरी स्वराज प्रसिद्ध वकील हैं। आम आदमी पार्टी के सोमनाथ भारती भी पेशे से वकील रही हैं।

दिल्ली में कांग्रेस और आम आदमी पार्टी का गठबंधन है। यही कारण है कि यहां चार सीटों पर भाजपा का मुकाबला आम आदमी पार्टी और तीन सीटों पर यह मुकाबला कांग्रेस से होगा।

पश्चिमी दिल्ली लोकसभा सीट की बात करें तो यहां से भाजपा की कमलजीत सेहरावत और आम आदमी पार्टी से महाबल मिश्रा मैदान में हैं। महाबल मिश्रा वर्ष 2019 में भी इस सीट से लोकसभा का चुनाव लड़ चुके हैं। उस समय वह कांग्रेस के उम्मीदवार थे और 5 लाख से अधिक वोटो के अंतर से चुनाव हारे थे। दक्षिण दिल्ली लोकसभा सीट पर भाजपा ने रामवीर सिंह बिधूड़ी को उम्मीदवार बनाया है।

आम आदमी पार्टी की ओर से पहलवान सहीराम यहां उम्मीदवार हैं। Lok Sabha Elections लड़ रहे सोमनाथ भारती और सहीराम आम आदमी पार्टी के मौजूदा विधायक हैं। गठबंधन के तहत आम आदमी पार्टी 4 और कांग्रेस 3 सीटों पर चुनाव लड़ेगी।

भारतीय जनता पार्टी ने चांदनी चौक से प्रवीण खंडेलवाल व उत्तर पूर्वी दिल्ली से मनोज तिवारी को अपना उम्मीदवार बनाया है। गठबंधन में ये सीटें कांग्रेस के खाते में गई है, लेकिन इन सीटों पर कांग्रेस ने अभी तक अपने उम्मीदवारों का ऐलान नहीं किया है।

उधर, पूर्वी दिल्ली लोकसभा सीट की बात की जाए तो यहां पूर्व भारतीय क्रिकेटर गौतम गंभीर पिछली बार BJP की टिकट पर सांसद चुने गए थे।

हालांकि इस बार गौतम गंभीर ने चुनाव न लड़ने की इच्छा जताई है। BJP ने इस सीट पर फिलहाल उम्मीदवार घोषित नहीं किया है, जबकि आम आदमी पार्टी की ओर से यहां अपने विधायक कुलदीप कुमार को टिकट दिया है।

गौरतलब है कि BJP ने इस बार Delhi में चार नए चेहरे चुनाव में उतारे हैं। इनमें चांदनी चौक से व्यापारी नेता प्रवीण खंडेलवाल, नई दिल्ली से बांसुरी स्वराज, पश्चिमी दिल्ली से पूर्व मेयर कमलजीत सेहरावत हैं व दक्षिण दिल्ली से रामवीर सिंह बिधूड़ी हैं। उत्तरी-पूर्वी दिल्ली से पार्टी ने एक बार फिर मनोज तिवारी पर भरोसा जताया है।

Share This Article