रात 11:30 बजे पहुंचे अपराधी, सुबह 3 बजे तक जारी रही वारदात
गार्डों जालंधर तांती, करण कुमार और घनश्याम महतो के अनुसार, रात करीब 11:30 बजे अपराधी जंगल की ओर से पहुंचे थे। उनके पास लोहे की रॉड और लाठी-डंडे थे। सबसे पहले तीनों गार्डों को कब्जे में लेकर पास के एक शेड में बंद कर दिया गया।
इसके बाद अपराधियों ने गोदाम की लोहे की चादर से बनी घेराबंदी तोड़ी और अंदर रखे 1600 केवीए क्षमता वाले नये ट्रांसफार्मरों को क्षतिग्रस्त कर दिया। वहां से कीमती कॉयल और अन्य उपकरण निकालकर ले गये। गार्डों के मुताबिक, अपराधी सुबह करीब 3 बजे वहां से निकले। जाते-जाते उन्होंने किसी को घटना की जानकारी देने पर जान से मारने की धमकी भी दी।
सुबह करीब 4 बजे गार्डों ने कंपनी के इंजीनियर सतीश कुमार को फोन कर पूरी घटना बतायी। इसके बाद कंपनी के अधिकारियों और बोकारो थर्मल थाना पुलिस को सूचना दी गयी।
तीसरी बार निशाने पर आया निर्माण स्थल
इस परियोजना में चोरी और लूटपाट की यह पहली घटना नहीं है। निर्माण कार्य करा रही हेमटेक कंपनी के इंजीनियर और साइट इंचार्ज के अनुसार, इससे पहले 29 जुलाई और 9 अक्टूबर को भी इसी तरह की वारदात हो चुकी है। उस दौरान भी सुरक्षा गार्डों को बंधक बनाकर ट्रांसफार्मरों के कीमती पार्ट्स और कॉयल चोरी किये गये थे।
पिछली घटनाओं के बाद गोदाम के मुख्य दरवाजे को लोहे के एंगल से वेल्डिंग कर सील किया गया था। बावजूद इसके अपराधियों ने घेराबंदी तोड़कर दोबारा वारदात को अंजाम दे दिया।
250 करोड़ की परियोजना पर सुरक्षा का सवाल
खासमहल-कोनार परियोजना के तहत बरवाबेड़ा गांव के पास करीब 250 करोड़ रुपये की लागत से कोल हैंडलिंग प्लांट बनाया जा रहा है। लगभग ढाई साल पहले शुरू हुई इस परियोजना का काम फॉरेस्ट क्लीयरेंस के कारण फिलहाल रुका हुआ है। अब तक 50 प्रतिशत से भी कम निर्माण कार्य पूरा हो पाया है।
निर्माण स्थल पर बड़ी मात्रा में मशीनों के पार्ट्स, लोहे की सामग्री, ट्रांसफार्मर और अन्य महंगे उपकरण रखे हुए हैं। ऐसे में बार-बार हो रही चोरी की घटनाओं ने परियोजना की सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल खड़े कर दिये हैं।
सुरक्षा बढ़ाने की मांग, फिलहाल निर्माण कार्य बंद
साइट इंचार्ज प्रभु प्रसाद का कहना है कि पहले हुई घटनाओं की जानकारी सीसीएल प्रबंधन और पुलिस को दी गयी थी, लेकिन सुरक्षा के लिए अपेक्षित सहयोग नहीं मिला। सुनसान इलाके में स्थित निर्माण स्थल पर रात के समय पर्याप्त सुरक्षा नहीं होने से कर्मचारी और गार्ड भय के माहौल में काम करने को मजबूर हैं।
उन्होंने सीसीएल प्रबंधन और पुलिस प्रशासन से स्थायी एवं मजबूत सुरक्षा व्यवस्था की मांग की है। लगातार हो रही घटनाओं के कारण फिलहाल निर्माण कार्य भी बंद है।
इधर, घटना की सूचना मिलने के बाद बोकारो थर्मल थाना पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी। पुलिस अपराधियों की पहचान और गिरफ्तारी के लिए छानबीन कर रही है। अब सवाल यह है कि एक ही निर्माण स्थल पर बार-बार हो रही ऐसी वारदातों पर कब लगाम लगेगी?


