Bokaro News: झारखंड आंदोलन के प्रणेता, महान जननेता और समाज सुधारक दिवंगत विनोद बिहारी महतो की जयंती पर राज्यभर में उन्हें याद किया जा रहा है। इसी कड़ी में बोकारो जिले के चास और चंदनकियारी प्रखंड में विभिन्न स्थानों पर उनकी आदमकद प्रतिमा पर माल्यार्पण कर लोगों ने उन्हें भावभीनी श्रद्धांजलि दी।
इस अवसर पर चंदनकियारी विधायक सह पूर्व मंत्री उमाकांत रजक ने चास प्रखंड के बिजुलिया मोड़ व रामडीह मोड़ के साथ-साथ चंदनकियारी के बोगुला मोड़ पहुंचकर विनोद बिहारी महतो की प्रतिमा पर माल्यार्पण किया।
इस दौरान विधायक उमाकांत रजक ने उनके व्यक्तित्व को याद करते हुए कहा कि वे सिर्फ एक जननेता नहीं, बल्कि सामाजिक चेतना और जनअधिकारों के बहुत बड़े प्रहरी थे। उन्होंने अपने पूरे जीवन को झारखंड की माटी, जल, जंगल, जमीन और यहां के लोगों के हक के लिए समर्पित कर दिया। शिक्षा को सामाजिक बदलाव का मुख्य हथियार बनाकर उन्होंने समाज के अंतिम पायदान पर खड़े व्यक्ति तक जागरूकता पहुंचाई।
विधायक ने आगे कहा कि विनोद बाबू के विचार, संघर्ष और आदर्श आज भी प्रा आने वाली पीढ़ियों को सामाजिक न्याय और जनहित के रास्ते पर आगे बढ़ने की प्रेरणा देते रहेंगे। इस श्रद्धांजलि सभा में 20 सूत्री उपाध्यक्ष देवाशीष मंडल सहित सैकड़ों गणमान्य लोग और स्थानीय ग्रामीण उपस्थित रहे।


