

बोकारो: कसमार थाना क्षेत्र के गर्री पंचायत में सोमवार सुबह उस वक्त सनसनी फैल गई, जब कब्रिस्तान के पास स्थित नाले से एक सप्ताह से लापता व्यक्ति का सड़ा-गला शव बरामद हुआ। मृतक की पहचान तेलमुंगा निवासी मगदीश घासी के रूप में हुई है।





जानकारी के मुताबिक, सोमवार सुबह कुछ ग्रामीणों ने कब्रिस्तान के समीप नाले में शव पड़ा देखा। इसके बाद तत्काल कसमार थाना पुलिस को सूचना दी गई। सूचना मिलते ही थाना प्रभारी कुंदन कुमार पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे और शव को कब्जे में लिया।
पुलिस ने आवश्यक कानूनी प्रक्रिया पूरी करने के बाद शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।
16 अगस्त को घर से निकले थे मगदीश
परिजनों के अनुसार, मगदीश घासी 16 अगस्त की सुबह करीब 11 बजे घर से पैदल निकले थे, लेकिन इसके बाद वापस नहीं लौटे। परिजनों ने आसपास के इलाकों और रिश्तेदारों के यहां उनकी तलाश की, लेकिन उनका कोई सुराग नहीं मिला।
बताया जा रहा है कि मगदीश घासी की मानसिक स्थिति ठीक नहीं रहती थी और उन्हें चलने-फिरने में भी परेशानी थी।
नाले तक कैसे पहुंचे, जांच में जुटी पुलिस
शव मिलने के बाद अब सबसे बड़ा सवाल यह है कि घर से निकलने के बाद मगदीश घासी कब्रिस्तान के पास स्थित नाले तक कैसे पहुंचे। पुलिस इस पूरे मामले की जांच कर रही है।
स्थानीय लोगों से पूछताछ के साथ पुलिस ने नाले और उसके आसपास के इलाके की भी जांच शुरू कर दी है। फिलहाल मौत के कारणों को लेकर स्थिति स्पष्ट नहीं है। पुलिस का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत की वास्तविक वजह सामने आ सकेगी।
पुलिस सभी संभावित पहलुओं को ध्यान में रखते हुए मामले की जांच में जुटी है।
