

Bokaro News: बोकारो स्टील प्लांट से एक दुखद खबर सामने आई है। प्लांट में काम करने वाले एक ठेका कर्मी की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई है। मृतक की पहचान अजय कुमार के रूप में हुई है, जो पोर्टेक इंजीनियरिंग प्राइवेट लिमिटेड कंपनी के अधीन काम करते थे।
जानकारी के मुताबिक, अजय कुमार बोकारो स्टील प्लांट के एसएमएस-2 विभाग में कार्यरत थे। 15 नवंबर की देर रात करीब 12 बजकर 30 मिनट पर उन्हें अचेत अवस्था में प्लांट के मेडिकल सेंटर लाया गया।
चिकित्सकों ने प्रारंभिक जांच की तो उनकी नब्ज और ब्लड प्रेशर नहीं मिल रहा था। इसके बाद डॉक्टरों ने सीपीआर के जरिए उन्हें बचाने की कोशिश की, लेकिन कोई प्रतिक्रिया नहीं मिली।
स्थिति गंभीर देखते हुए सीपीआर जारी रखते हुए उन्हें बोकारो जनरल अस्पताल की इमरजेंसी में भेजा गया। रात करीब 12 बजकर 42 मिनट पर अस्पताल पहुंचने के बाद डॉक्टरों ने जांच कर उन्हें मृत घोषित कर दिया।
इस मामले में मेडिकल रिपोर्ट में साथ आए लोगों के हवाले से आत्महत्या के प्रयास की आशंका का भी जिक्र किया गया है। हालांकि, अभी इसकी आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है।
वहीं, बोकारो जनरल अस्पताल की ओर से जारी मृत्यु प्रमाणपत्र में कहा गया है कि मौत के वास्तविक कारणों का पता पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही चल सकेगा।
फिलहाल अजय कुमार की मौत को लेकर कई सवाल बने हुए हैं। आखिर उनके साथ क्या हुआ था? उनकी मौत किन परिस्थितियों में हुई? क्या यह आत्महत्या का मामला है या इसके पीछे कोई दूसरी वजह है?
इन सभी सवालों के जवाब पोस्टमार्टम रिपोर्ट और जांच के बाद ही सामने आ सकेंगे। फिलहाल बीएसएल प्रबंधन और पुलिस का आधिकारिक पक्ष सामने आना बाकी है।


