दूल्हा का आरोप- हमने दुल्हन को सिटी गोल्ड का मंगलसूत्र दिया, तो लड़कीवालों ने नहीं होने दी शादी, लौटा दी बारात

News Aroma Media
3 Min Read
WhatsApp Group Join Now
Instagram Follow Now

Bokaro News: शादी में दुल्हन के लिए दूल्हा पक्ष की ओर से लाया गया मंगलसूत्र सोने का नहीं होकर सिटी गोल्ड (City Gold) का निकला, तो लड़की वाले आग बबूला हो गये। उनका गुस्सा इतना भड़क गया कि मामला थाना तक जा पहुंचा और अंततः शादी टूट गयी।

बारात दुल्हन को लिये बगैर ही लौट गयी। यह आरोप है दूल्हा पक्ष का। लेकिन, लड़की पक्ष ने कुछ और ही कहानी बतायी है।

दरअसल, यह घटना बोकारो के बालीडीह थाना क्षेत्र के कुर्मीडीह की है। यहां RPF बैरक के पास सोमवार की रात बारात पहुंची थी। लेकिन, यह Shadi हो नहीं पायी। शादी नहीं हो पाने की लड़का और लड़की पक्ष अलग-अलग वजह बता रहे हैं।

दोनों एक-दूसरे पर आरोप-प्रत्यारोप लगा रहे हैं। लड़कीवालों का आरोप है कि लड़का पक्ष ने ऐन शादी के वक्त ही और ज्यादा दहेज की मांग कर दी।

दुल्हन के पिता बोले- दूल्हा पक्ष ने शादी वक्त दहेज में मांगे दो लाख रुपये

लड़की के पिता ने बताया कि बेटी की शादी तय होने के बाद से उन्होंने लड़का पक्ष को लगभग ढाई लाख रुपये दे चुके हैं।

अब जब बारात आ गयी और रात में शादी के रीति-रिवाज होनेवाले थे, तभी अचानक दूल्हा पक्ष ने और दो लाख रुपये की मांग कर दी। दुल्हन के पिता ने कहा, “जब हमने अतिरिक्त दो लाख रुपये देने में असमर्थता जतायी, तो लड़का पक्ष बारात वापस ले गया।”

दुल्हन के पिता ने इस संबंध में थाना में आवेदन देकर धनबाद के कतरास बाजार मिश्रा बस्ती निवासी दूल्हा हेमंत मिश्रा, उसके पिता सोमर मिश्रा, मां रीना देवी और भाई जयंत मिश्रा के खिलाफ नामजद FIR दर्ज करायी है। इन सभी पर दहेज मांगने का आरोप लगाया गया है।

दूल्हा बोला- विवाद दहेज नहीं, बल्कि सिटी गोल्ड के मंगलसूत्र को लेकर हुआ

इधर दूल्हा हेमंत मिश्रा ने बताया कि दहेज की कोई बात ही नहीं है। हेमंत ने कहा, “मैंने शुरू में ही कह दिया था कि मैं कोई दहेज नहीं लूंगा। दरअसल, बारात वाली रात में दहेज के लिए कोई विवाद नहीं हुआ था, बल्कि सारा विवाद मंगलसूत्र को लेकर हुआ था।”

दूल्हा हेमंत मिश्रा ने कहा, “हमारे पास पैसों का अभाव था, इसलिए हमलोग दुल्हन के लिए सिटी गोल्ड का मंगलसूत्र लाये थे।

लेकिन, लड़कीवाले लोग सोने का मंगलसूत्र की मांग कर रहे थे।” हेमंत ने बताया, “अभी तक छेका के समय मुझे 10 हजार 101 रुपये मिले हैं।

इसके अलावा मैंने लड़की पक्ष से व्यक्तिगत मदद के तौर पर 22 हजार रुपये लिये हैं।” लड़का और लड़की पक्ष में किसकी बात में सच्चाई है, इसका पता लगाने के लिए पुलिस मामले की तफ्तीश में जुट गयी है।

Share This Article