Bokaro News: बोकारो से एक दुखद खबर सामने आई है, जहां पिछले दो दिनों से लापता 77 वर्षीय बुजुर्ग का शव दामोदर नदी से बरामद किया गया है। घटना के बाद परिवार में मातम पसरा हुआ है।
मृतक की पहचान चास थाना क्षेत्र के तारानगर निवासी विश्वनाथ सिंह के रूप में हुई है। जानकारी के मुताबिक, सोमवार की सुबह तेलमोचो पुल के पास स्थानीय लोगों ने दामोदर नदी में पत्थरों के बीच एक शव फंसा हुआ देखा। इसके बाद तुरंत पुलिस को सूचना दी गई।
सूचना मिलते ही चास मुफस्सिल थाना प्रभारी प्रकाश मंडल पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे। काफी मशक्कत के बाद शव को नदी से बाहर निकाला गया।
शुरुआत में शव की पहचान नहीं हो सकी थी, लेकिन कुछ ही घंटों बाद परिजनों ने उसकी पहचान विश्वनाथ सिंह के रूप में कर ली।
पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। फिलहाल बुजुर्ग की मौत किन परिस्थितियों में हुई, इसकी जांच की जा रही है।
पुलिस के मुताबिक, पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत की वास्तविक वजह स्पष्ट हो पाएगी।


