बोकारो : बोकारो के सेक्टर-4 थाना क्षेत्र में बीजीएच के सामने सोमवार देर रात बिजली के एक पोल में अचानक आग लग गई। घटना करीब रात 12 बजे की बताई जा रही है। पोल से आग की लपटें उठती देख लोगों ने तुरंत बीएसएल फायर ब्रिगेड को सूचना दी।

जानकारी मिलते ही दमकल की गाड़ी मौके पर पहुंची और आग बुझाने का काम शुरू किया। काफी प्रयास के बाद आग पर पूरी तरह काबू पा लिया गया। समय पर कार्रवाई होने से आग आसपास के इलाके में नहीं फैल सकी। घटना में किसी के घायल होने या बड़े नुकसान की सूचना नहीं है।
आग बुझाने के दौरान सुरक्षा को देखते हुए आसपास की बिजली आपूर्ति बंद कर दी गई थी। अग्निशमन पदाधिकारी सुन राम दास ने बताया कि पोल पर जियो फाइबर, एयरटेल समेत कई संचार कंपनियों के केबल लगे थे। आग के इन तारों के जरिए आगे फैलने का खतरा था। एक ही पोल पर कई केबल लगे होने से सुरक्षा व्यवस्था पर भी सवाल उठ रहे हैं। इससे भविष्य में शॉर्ट सर्किट जैसी घटना बड़ा हादसा बन सकती है।


