बोकारो के सिवनडीह में चिकन दुकान में आग, लाखों के नुकसान का अनुमान

बोकारो के सिवनडीह में चिकन दुकान में अचानक आग लगने से सामान जलकर राख हो गया। समय पर आग बुझने से आसपास की दर्जनों दुकानें बच गईं, नुकसान छह लाख बताया गया।

1 Min Read
WhatsApp Group Join Now
Instagram Follow Now

बोकारो : माराफारी थाना क्षेत्र के सिवनडीह मेन रोड स्थित एक चिकन दुकान में सोमवार की सुबह करीब आठ बजे अचानक आग लग गयी। दुकान से धुआं निकलता देख दुकानदार आमिर सोहेल मौके पर पहुंचे और दुकान खोलने का प्रयास किया, तभी अंदर से आग की तेज लपटें निकलने लगीं। सूचना मिलते ही अग्निशमन विभाग की एक गाड़ी मौके पर पहुंची और काफी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया। राहत की बात रही कि समय रहते आग बुझा दी गयी, जिससे आसपास की दर्जनों दुकानें आग की चपेट में आने से बच गयीं।

दुकानदार के अनुसार, आग में फ्रिज, पंखा, वजन मशीन, कुर्सी समेत अन्य सामान जलकर बर्बाद हो गया। उन्होंने करीब छह लाख रुपये के नुकसान का अनुमान जताया है। प्रथम दृष्टया आग लगने का कारण शॉर्ट सर्किट बताया जा रहा है।

छह महीने पहले भी हुआ था बड़ा अग्निकांड

सिवनडीह में आग की यह घटना इसलिए भी चिंता बढ़ाने वाली है, क्योंकि इसी वर्ष 3 मार्च को गैस रिफिलिंग दुकान में भीषण आग लगी थी। सिलेंडरों में विस्फोट के बाद आग ने आसपास की कई दुकानों को भी अपनी चपेट में ले लिया था।

Share This Article
विनीता चौबे को 10 साल का अनुभव है। उन्होनें सन्मार्ग से पत्रकारिता की शुरुआत की थी। फिर न्यूज विंग, बाइस स्कोप, द न्यूज पोस्ट में भी काम किया। वे राजनीति, अपराध, सामाजिक मुद्दों और स्थानीय घटनाओं से जुड़ी खबरों को सरल और तथ्यात्मक भाषा में पाठकों तक पहुंचाने के लिए जानी जाती हैं। पत्रकारिता के क्षेत्र में सक्रिय रहते हुए उनका प्रयास रहता है कि जमीनी स्तर की महत्वपूर्ण खबरों को सही और विश्वसनीय जानकारी के साथ लोगों तक पहुंचाया जाए।