रांची में यहां मामूली बात पर भाई ने भाई को दाग दी गोली, दो अरेस्ट, पप्पू पुलिस की गिरफ्त से दूर

News Aroma Media
2 Min Read
WhatsApp Group Join Now
Instagram Follow Now

रांचीः राजधानी रांची में अपराध कम होने का नाम नहीं ले रहा है। चोरी, छिनतई से लेकर रंगदारी और मर्डर आम बात हो गई है। इसी क्रम में पुंदाग के इलाही नगर में एक ऐसा मामला सामने आया है, जिसने भाई के रिश्ते को कलंकित कर दिया है।

जी हां, मामूली बात पर छोटे भाई द्वारा बड़े भाई पर गोली चलाने की खबर ने आसपास के इलाके में सनसनी फैला दी है।

आरोपी ने इस गोलीकांड को अंजाम अपने दो सहयोगियों के साथ मिलकर दिया है। घटना मंगलवार दोपहर की है। राहत की बात यह है कि इस फायरिंग में गोली किसी को नहीं लग पाई है।

दो आरोपी अरेस्ट, पिस्टल व गोली बरामद

हालांकि, मामले को गंभीरता से लेते हुए पुंदाग पुलिस ने दो आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। दोनों को पुलिस ने पुंदाग पहाड़ी से पकड़ा है।

गिरफ्तार आरोपियों में मो मोज्जमिल राज व मो एकरामुल शामिल हैं। दोनों इलाही नगर के ही रहने वाले हैं। उनके पास से पुलिस ने पिस्टल और दो गोली भी बरामद की है।

वहीं, मुख्य आरोपी अशरफ उर्फ काला पप्पू पुलिस की गिरफ्त से दूर है। उसे दबोचने के लिए पुलिस छापेमारी भी कर रही है।

क्या है मामला

जानकारी के अनुसार, इलाही नगर निवासी मो सलीम का किसी बात को लेकर अपने छोटे भाई काला पप्पू के साथ विवाद हुआ। इसके बाद आरोपी काला पप्पू घर से बाहर चला गया।

लेकिन, कुछ देर बाद ही वह अपने दो साथियों के साथ फिर घर आया और आते ही अपने बड़े भाई सलीम पर गोली चला दी।

हालांकि, गोली दीवार में जा लगी। इसके बाद वह मौके से भाग निकला। घटना की जानकारी मिलते ही पुंदाग पुलिस मौके पर पहुंची। घटनास्थल से खोखा भी बरामद किया। इसके बाद पुलिस ने छापेमारी कर दो आरोपियों को दबोच लिया।

Share This Article