अमेरिका : कैलिफोर्निया विधानसभा ने बैसाखी को दी आधिकारिक मान्यता

कैलिफोर्निया विधानसभा ने बैसाखी को सिख-अमेरिकियों के लिए अहम पर्व के रूप में मान्यता दी, प्रस्ताव को भारी समर्थन मिला, अमेरिकी नेताओं ने सिख समुदाय को दी शुभकामनाएं।

2 Min Read
WhatsApp Group Join Now
Instagram Follow Now

वाशिंगटन: कैलिफोर्निया विधानसभा ने एक प्रस्ताव पारित कर बैसाखी को सिख-अमेरिकियों के लिए सबसे महत्वपूर्ण दिनों में से एक के रूप में मान्यता दी है और राज्य के लोगों को बैसाखी के पर्व पर होने वाले कार्यक्रमों में भाग लेने के लिए प्रोत्साहित किया। यह प्रस्ताव विधानसभा सदस्य जसमीत कौर बैंस द्वारा पेश किया गया, जिसे 80 सदस्यीय सदन में से 76 सदस्यों का समर्थन मिला और इसे बैसाखी की पूर्व संध्या पर सोमवार को पारित किया गया। कैलिफोर्निया के गवर्नर गैविन न्यूसम ने ‘एक्स’ पर एक पोस्ट किया, ‘‘कैलिफोर्निया में बैसाखी मना रहे सिख समुदायों को मेरी ओर से नववर्ष और भरपूर फसल के लिए शुभकामनाएं। बैसाखी दीयां लख-लख बधाइयां।’’ प्रस्ताव में कहा गया है कि विधानसभा 14 अप्रैल 2026 को मनाई जा रही बैसाखी को मान्यता देती है और इसे सिख इतिहास व सिख-अमेरिकियों के लिए अत्यंत महत्वपूर्ण दिवस मानते हुए इस अवसर पर गहरा सम्मान व्यक्त करती है।

साथ ही, इसमें दुनिया भर के दक्षिण एशियाई समुदायों और प्रवासी भारतीयों के साथ इस उत्सव को मनाने वालों के प्रति सम्मान जताया गया। अमेरिका के कई नेताओं ने भी सिख समुदाय को बधाई दी। सीनेटर चक शूमर ने कहा कि यह दिन 1699 में खालसा पंथ की स्थापना का प्रतीक है, जो समानता, सेवा और साहस की परंपरा को दर्शाता है। वहीं, टेक्सास से कांग्रेस सदस्य लिजी फ्लेचर और कैलिफोर्निया से सांसद ब्रैड शेरमन ने सिख समुदाय के योगदान को सराहा, जबकि मैरीलैंड से कांग्रेस सदस्य जेमी रस्किन ने इसे परिवार और मित्रों के साथ खुशियां मनाने का पर्व बताया। हिंदू अमेरिकन फाउंडेशन ने इसे सिख और हिंदू समुदाय के सम्मान का ऐतिहासिक क्षण बताया।

Share This Article
विनीता चौबे को 10 साल का अनुभव है। उन्होनें सन्मार्ग से पत्रकारिता की शुरुआत की थी। फिर न्यूज विंग, बाइस स्कोप, द न्यूज पोस्ट में भी काम किया। वे राजनीति, अपराध, सामाजिक मुद्दों और स्थानीय घटनाओं से जुड़ी खबरों को सरल और तथ्यात्मक भाषा में पाठकों तक पहुंचाने के लिए जानी जाती हैं। पत्रकारिता के क्षेत्र में सक्रिय रहते हुए उनका प्रयास रहता है कि जमीनी स्तर की महत्वपूर्ण खबरों को सही और विश्वसनीय जानकारी के साथ लोगों तक पहुंचाया जाए।