
टोरंटो : कनाडा में पिछले साल दिसंबर में एक भारतीय नागरिक की मौत के मामले में 32 वर्षीय व्यक्ति को गिरफ्तार किया गया है। स्थानीय मीडिया ने यह जानकारी दी। ‘सीबीसी न्यूज’ की एक रिपोर्ट के अनुसार, अब्दुल गफूरी को सात महीने से अधिक समय तक फरार रहने के बाद शुक्रवार को कनाडा लौटने पर टोरंटो के एक हवाई अड्डे से गिरफ्तार किया गया। यह मामला 30 वर्षीय हिमांशी खुराना की मौत से जुड़ा है, जिनका शव पिछले साल दिसंबर में टोरंटो स्थित एक आवास से मिला था।
पुलिस ने पहले ही उनकी मौत को हत्या करार दिया था। पुलिस के अनुसार, हिमांशी और गफूरी के बीच करीबी संबंध थे। रिपोर्ट में कहा गया कि पुलिस ने राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय कानून प्रवर्तन एजेंसियों के साथ मिलकर गफूरी की कनाडा वापसी सुनिश्चित की। हालांकि, उसे किस देश से वापस लाया गया, इसकी जानकारी नहीं दी गई। हत्या की सूचना मिलने के बाद कनाडाई कानून प्रवर्तन एजेंसियों ने पिछले साल गफूरी की गिरफ्तारी के लिए देशव्यापी वारंट जारी किया था।
गफूरी को शुक्रवार को गिरफ्तार किया गया और उस पर हत्या का आरोप लगाया गया। टोरंटो सन के अनुसार, उसे शनिवार को टोरंटो क्षेत्रीय जमानत केंद्र में पेश किया जाना था। टोरंटो स्थित भारत के महावाणिज्य दूतावास ने हिमांशी खुराना की मौत पर गहरा दुख व्यक्त किया था। महावाणिज्य दूतावास ने 24 दिसंबर को सोशल मीडिया मंच ‘एक्स’ पर एक पोस्ट में कहा था कि खुराना ‘युवा भारतीय नागरिक’ थीं और वह स्थानीय अधिकारियों के समन्वय से उनके परिवार को हरसंभव सहायता उपलब्ध करा रहा है।

