नयी दिल्ली: केंद्रीय माध्यमिक शिक्षा बोर्ड (सीबीएसई) 26-27 अक्टूबर को ‘‘स्कूल से कार्य-जगत में प्रवेश को सुगम बनाने’’ के विषय पर चौथे राष्ट्रीय सम्मेलन का आयोजन कर रहा है। शिक्षा मंत्रालय ने सोमवार को एक बयान में यह जानकारी दी।
दिल्ली-एनसीआर के ‘सहोदय स्कूल कॉम्प्लेक्स’ के सहयोग से आयोजित इस दो-दिवसीय सम्मेलन का उद्देश्य मुख्यधारा की स्कूली शिक्षा के साथ कौशल विकास के एकीकरण को मजबूत करना है, ताकि छात्रों के लिए स्कूल से कार्य-जगत में प्रवेश को सुगम बनाया जा सके।

उद्घाटन समारोह में, स्कूली शिक्षा सचिव टी.के. अनिल कुमार ने इस सम्मेलन की चार मुख्य प्राथमिकताओं को रेखांकित किया। इनमें प्रौद्योगिकी, डिजिटल सुरक्षा और कौशल; डिजाइन, रचनात्मकता और नवाचार; नेशनल क्रेडिट फ्रेमवर्क के जरिए शिक्षा प्रणालियों में कौशल को मान्यता देना; और समान अवसरों के साथ करियर मार्गदर्शन शामिल हैं।
बयान के अनुसार, ‘‘यह सम्मेलन स्कूल प्रमुखों, शिक्षकों, उद्योग विशेषज्ञों और नीति निर्माताओं को एक मंच पर ला रहा है, ताकि वे कार्यबल की उभरती जरूरतों और छात्रों को भविष्य के करियर के लिए तैयार करने के नए तरीकों पर चर्चा कर सकें।’’
बयान के अनुसार, यह सम्मेलन प्रतिभागियों को एक-दूसरे से जुड़ने और मार्गदर्शन तथा सहयोग के लिए साझेदारी बनाने के अवसर भी उपलब्ध करा रहा है।


