रिटायर्ड कर्मचारियों को ऑनलाइन मेडिकल क्लेम की सुविधा
CPRMSE/NE 2.0 Portal के जरिए सेवानिवृत्त कर्मचारी अब घर से ही मेडिकल क्लेम और उससे संबंधित दस्तावेज ऑनलाइन जमा कर सकेंगे।

इसके अलावा आवेदन या क्लेम की स्थिति भी पोर्टल के माध्यम से देखी जा सकेगी। अगर किसी आवेदन में आपत्ति या कोई ऑब्जर्वेशन दर्ज किया जाता है, तो उसका जवाब भी डिजिटल तरीके से दिया जा सकेगा।
कंपनी की ओर से SMS और मोबाइल अलर्ट की सुविधा भी उपलब्ध कराई गई है, जिससे क्लेम की प्रक्रिया से जुड़ी महत्वपूर्ण जानकारी समय पर मिल सकेगी।
दिवंगत कर्मचारियों के आश्रित भी कर सकेंगे ऑनलाइन आवेदन
Online Dependent Employment Portal के जरिए सेवा के दौरान दिवंगत कर्मचारियों के आश्रित रोजगार से संबंधित प्रस्ताव ऑनलाइन शुरू कर सकेंगे। इसके अलावा NCWA के तहत आर्थिक मुआवजे से जुड़े मामलों की प्रक्रिया भी पोर्टल के माध्यम से शुरू की जा सकेगी।
आवेदन की स्थिति, किसी तरह की कमी और लंबित प्रक्रिया की जानकारी आवेदकों को SMS और ई-मेल के जरिए उपलब्ध कराई जाएगी।
CCL मुख्यालय में हुआ पोर्टल का शुभारंभ
दोनों डिजिटल पोर्टल का उद्घाटन CCL मुख्यालय स्थित मंथन सभागार में किया गया। कंपनी के CMD निलेंदु कुमार सिंह ने पोर्टल का शुभारंभ किया।
इस मौके पर निदेशक (मानव संसाधन) हर्ष नाथ मिश्रा, निदेशक (योजना एवं परियोजना) अनुप हंजुरा, मुख्य सतर्कता अधिकारी पंकज कुमार समेत कई वरिष्ठ अधिकारी मौजूद रहे।
CCL की इन-हाउस टीम ने तैयार किए पोर्टल
CCL के अनुसार, दोनों पोर्टल कंपनी के सिस्टम विभाग की इन-हाउस तकनीकी टीम ने विकसित किए हैं। डिजिटल व्यवस्था शुरू होने से आवेदन प्रक्रिया में पारदर्शिता बढ़ने के साथ-साथ आवेदकों को अपने मामलों की जानकारी ऑनलाइन प्राप्त करने में सुविधा होगी।
कंपनी की यह पहल खास तौर पर सेवानिवृत्त कर्मचारियों और दिवंगत कर्मियों के आश्रितों के लिए उपयोगी साबित हो सकती है, जिन्हें पहले ऐसी प्रक्रियाओं के लिए कार्यालय स्तर पर निर्भर रहना पड़ता था।


