केंद्र ने पश्चिम बंगाल में 35 रुपये किलो के भाव 1,400 टन प्याज बेचा

त्योहारी सीजन से पहले केंद्र सरकार ने पश्चिम बंगाल में 35 रुपये प्रति किलो की रियायती दर पर 1400 टन प्याज बेचा है और आपूर्ति बढ़ाने के लिए कांदा एक्सप्रेस भेजी है।

Archana Ekka
3 Min Read
WhatsApp Group Join Now
Instagram Follow Now

नयी दिल्ली : केंद्र ने पश्चिम बंगाल में 1,400 टन प्याज 35 रुपये प्रति किलोग्राम की रियायती दर पर उपलब्ध कराया है। इसके अलावा त्योहारी मौसम में आम लोगों को राहत देने के लिए राज्य को और प्याज भेजा जाएगा। उपभोक्ता मामलों के विभाग ने बुधवार को एक आधिकारिक बयान में कहा कि केंद्र पश्चिम बंगाल में प्याज की आपूर्ति बढ़ा रहा है। विभाग ने कहा कि मूल्य स्थिरीकरण कोष (पीएसएफ) के बफर स्टॉक से प्याज लेकर चलने वाली ‘कांदा एक्सप्रेस’ 24 सितंबर को कोलकाता पहुंचने वाली है। नई खेप को त्योहारी मौसम से पहले कोलकाता और आसपास के जिलों में बेचा जाएगा।

विभाग ने कहा, ‘‘पश्चिम बंगाल में नाफेड और एनसीसीएफ की मोबाइल वैन के जरिये करीब 1,400 टन प्याज पहले ही 35 रुपये प्रति किलोग्राम की दर से वितरित किया जा चुका है। इसका परिवहन मुख्य रूप से सड़क मार्ग से किया गया। कांदा एक्सप्रेस के पहुंचने से अब अतिरिक्त मात्रा को अधिक कुशलता से पहुंचाया जा सकेगा, जिससे बाजार में उपलब्धता बढ़ाने और मौसमी कीमतों के दबाव को कम करने में मदद मिलेगी।’’ कोलकाता में फिलहाल 25 से अधिक स्थानों पर प्याज की खुदरा बिक्री की जा रही है। इनमें कोले मार्केट, मेचुआ मंडी, मानिकतला मार्केट, रामपुरिया मार्केट और श्याम बाजार मार्केट जैसे प्रमुख बाजार शामिल हैं।

सरकार बफर स्टॉक के प्याज की खुदरा बिक्री ‘सुफल बांग्ला’ के जरिये करने की संभावना भी तलाश रही है। कोलकाता जाने वाली ‘कांदा एक्सप्रेस’ पीएसएफ के बफर स्टॉक से प्याज की चरणबद्ध तरीके से आपूर्ति करने की सरकार की मौजूदा रणनीति का हिस्सा है। इसके तहत रेल और सड़क परिवहन दोनों के नेटवर्क का इस्तेमाल किया जा रहा है। केंद्र ने 24 अगस्त, 2026 को नाफेड और एनसीसीएफ के जरिये बफर स्टॉक से प्याज की लक्षित बिक्री शुरू की थी। अबतक बफर स्टॉक का प्याज देशभर के 100 से अधिक शहरों में पहुंचाया जा चुका है। विभाग ने कहा, ‘‘आपूर्ति बढ़ने से देश के कई हिस्सों में कीमतों का दबाव भी कम होने लगा है। पिछले सप्ताह 17 राज्यों और केंद्रशासित प्रदेशों में खुदरा प्याज की कीमतें स्थिर रहीं या उनमें गिरावट आई, जो बफर स्टॉक से प्याज जारी किए जाने के बाद बाजार में उपलब्धता में सुधार का संकेत है।’’

पिछले सप्ताह जिन राज्यों और केंद्रशासित प्रदेशों में प्याज की कीमतों में गिरावट आई, उनमें दिल्ली, उत्तर प्रदेश, राजस्थान, मध्य प्रदेश, उत्तराखंड, हिमाचल प्रदेश, पंजाब, तमिलनाडु और बिहार शामिल हैं। केंद्र प्रमुख खपत वाले बाजारों में प्याज की उपलब्धता और कीमतों पर नजर रख रहा है तथा बफर स्टॉक से चरणबद्ध तरीके से प्याज जारी कर रहा है।

Share This Article
अर्चना एक्का को पत्रकारिता का दो वर्ष का अनुभव है। उन्होंने अपने पत्रकारिता करियर की शुरुआत इंटर्नशिप से की। इस दौरान उन्होंने झारखंड उजाला, सन्मार्ग और इम्पैक्ट नेक्सस जैसे मीडिया संस्थानों में काम किया। इन संस्थानों में उन्होंने रिपोर्टर, एंकर और कंटेंट राइटर के रूप में कार्य करते हुए न्यूज़ रिपोर्टिंग, एंकरिंग और कंटेंट लेखन का अनुभव प्राप्त किया। पत्रकारिता के क्षेत्र में वह सक्रिय रूप से काम करते हुए अपने अनुभव को लगातार आगे बढ़ा रही हैं।