चाईबासा में अवैध महुआ शराब के खिलाफ बड़ी कार्रवाई, तीन भट्ठियां ध्वस्त; दो गिरफ्तार

चाईबासा में उत्पाद विभाग ने अवैध महुआ शराब के खिलाफ छापेमारी कर तीन भट्ठियों को ध्वस्त किया और दो आरोपियों को गिरफ्तार किया। एक हजार किलो जावा महुआ नष्ट किया गया।

Razi Ahmad
2 Min Read
WhatsApp Group Join Now
Instagram Follow Now
चाईबासा: पश्चिमी सिंहभूम जिले में अवैध महुआ शराब के निर्माण और बिक्री पर रोक लगाने के लिए उत्पाद विभाग ने विशेष अभियान चलाया। दो दिनों तक चले इस अभियान में अवैध शराब बनाने वाली तीन भट्ठियों को ध्वस्त किया गया और दो आरोपियों को गिरफ्तार किया गया। कार्रवाई के दौरान बड़ी मात्रा में शराब बनाने में इस्तेमाल होने वाला कच्चा माल भी नष्ट किया गया।

लाइन होटलों, ढाबों और दुकानों में छापेमारी

उत्पाद विभाग ने 15 अक्टूबर को हाटगम्हरिया क्षेत्र के लाइन होटलों, ढाबों और दुकानों में छापेमारी की। इसके अलावा मुफ्फसिल थाना क्षेत्र के महुलसाई गांव में अवैध शराब की बिक्री के आरोप में एक व्यक्ति को गिरफ्तार किया गया।

वहीं, मंझारी थाना क्षेत्र के ईचापी गांव और झींकपानी थाना क्षेत्र के गुड़ा में कार्रवाई करते हुए महुआ शराब बनाने वाली तीन भट्ठियों को ध्वस्त किया गया। भट्ठी संचालकों के खिलाफ उत्पाद अधिनियम की संबंधित धाराओं के तहत मामला दर्ज किया गया।

35 लीटर महुआ शराब बरामद, 1,000 किलो जावा-महुआ नष्ट

छापेमारी अभियान के दौरान उत्पाद विभाग ने करीब 35 लीटर अवैध महुआ चुलाई शराब बरामद की। शराब तैयार करने में इस्तेमाल होने वाले लगभग 1,000 किलोग्राम किण्वित जावा-महुआ को भी नष्ट कर दिया गया।

इसके अतिरिक्त, कार्रवाई में 7.15 लीटर बीयर और 2.76 लीटर विदेशी शराब जब्त की गई। दो दिनों के अभियान में कुल पांच अभियोग दर्ज किए गए और दो लोगों को गिरफ्तार किया गया।

त्योहारों को देखते हुए बढ़ाई गई निगरानी

उत्पाद विभाग के अधिकारियों के अनुसार, जिले में अवैध शराब के निर्माण, भंडारण और बिक्री के खिलाफ अभियान आगे भी जारी रहेगा। त्योहारों के दौरान इस तरह के कारोबार पर रोक लगाने के लिए संवेदनशील क्षेत्रों में निगरानी और छापेमारी की जा रही है।

विभाग का कहना है कि अवैध शराब के कारोबार में शामिल लोगों के खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।

Share This Article
रजी अहमद एक उभरते हुए कंटेंट राइटर हैं, जिन्हें पत्रकारिता के क्षेत्र में लगभग दो वर्षों का अनुभव है। उन्होंने न्यूज़ अरोमा में काम करते हुए विभिन्न विषयों पर लेखन किया और अपनी लेखन शैली को मजबूत बनाया। अपने कार्यकाल के दौरान उन्होंने कंटेंट राइटिंग, न्यूज़ लेखन और मीडिया से जुड़े विभिन्न पहलुओं में अच्छा अनुभव हासिल किया। वह लगातार सीखते हुए अपने करियर को आगे बढ़ा रहे हैं।