पुलिस संस्मरण दिवस पर शहीद पुलिस जवानों को दी गई भावभीनी श्रद्धांजलि, परिजनों को किया गया सम्मानित

चाईबासा में पुलिस संस्मरण दिवस पर देश के 154 शहीद पुलिसकर्मियों को श्रद्धांजलि दी गई। झारखंड के तीन जवानों के बलिदान को याद कर उनके परिजनों को सम्मानित किया गया।

3 Min Read
WhatsApp Group Join Now
Instagram Follow Now

चाईबासा : पुलिस संस्मरण दिवस के अवसर पर बुधवार को पश्चिमी सिंहभूम जिले के पुलिस केंद्र, चाईबासा में देश की सुरक्षा, शांति एवं विधि-व्यवस्था बनाए रखने के दौरान अपने प्राणों की आहुति देने वाले वीर पुलिस जवानों को भावभीनी श्रद्धांजलि अर्पित की गई। कार्यक्रम में कोल्हान पुलिस उपमहानिरीक्षक अनुरंजन किस्पोट्टा, पश्चिमी सिंहभूम के पुलिस अधीक्षक अमित रेणु एवं सहायक पुलिस अधीक्षक राजकुमार जयराजू सहित उपस्थित पुलिस पदाधिकारियों एवं कर्मियों ने शहीद जवानों को नमन करते हुए उनके सर्वोच्च बलिदान को याद किया।

कार्यक्रम के दौरान शहीद पुलिस जवानों के अदम्य साहस, समर्पण, कर्तव्यनिष्ठा एवं देश के प्रति उनकी अटूट प्रतिबद्धता को स्मरण किया गया। उपस्थित पदाधिकारियों ने कहा कि पुलिस के वीर जवानों ने अपने कर्तव्यों का निर्वहन करते हुए जिस साहस और निष्ठा का परिचय दिया, वह सदैव प्रेरणास्रोत बना रहेगा। उनका बलिदान राष्ट्र की सुरक्षा, सामाजिक शांति और कानून-व्यवस्था की रक्षा के प्रति पुलिस बल की प्रतिबद्धता का प्रतीक है। देश की सुरक्षा एवं आम नागरिकों की रक्षा के लिए अपने प्राण न्योछावर करने वाले इन वीर जवानों का योगदान सदैव स्मरणीय रहेगा।

देशभर के 154 शहीद पुलिसकर्मियों को किया गया नमन

पुलिस संस्मरण दिवस के अवसर पर 1 सितंबर 2025 से 31 अगस्त 2026 के बीच देशभर में कर्तव्य पालन के दौरान शहीद हुए 154 पुलिसकर्मियों को श्रद्धापूर्वक नमन किया गया। इन वीर जवानों में झारखंड पुलिस के तीन जवान भी शामिल हैं, जिन्होंने कर्तव्य निर्वहन के दौरान अपने प्राणों का सर्वोच्च बलिदान दिया। इस अवसर पर शहीद जवानों के त्याग, वीरता एवं कर्तव्य के प्रति उनकी अटूट निष्ठा को याद करते हुए उनके प्रति सम्मान व्यक्त किया गया।

शहीद जवानों के परिजनों को किया गया सम्मानित

कार्यक्रम के दौरान कोल्हान पुलिस उपमहानिरीक्षक अनुरंजन किस्पोट्टा एवं पश्चिमी सिंहभूम के पुलिस अधीक्षक अमित रेनू ने शहीद पुलिस जवानों के परिजनों को सम्मानित किया। इस दौरान पदाधिकारियों ने परिजनों से बातचीत कर उनका हाल-चाल जाना तथा उनके प्रति संवेदना एवं सम्मान व्यक्त किया। उन्होंने परिजनों को आश्वस्त किया कि चाईबासा प्रशासन एवं पुलिस विभाग उनके साथ खड़े हैं और उनके सम्मान, सहयोग तथा कल्याण के प्रति सदैव संवेदनशील रहेंगे।

Share This Article
विनीता चौबे को 10 साल का अनुभव है। उन्होनें सन्मार्ग से पत्रकारिता की शुरुआत की थी। फिर न्यूज विंग, बाइस स्कोप, द न्यूज पोस्ट में भी काम किया। वे राजनीति, अपराध, सामाजिक मुद्दों और स्थानीय घटनाओं से जुड़ी खबरों को सरल और तथ्यात्मक भाषा में पाठकों तक पहुंचाने के लिए जानी जाती हैं। पत्रकारिता के क्षेत्र में सक्रिय रहते हुए उनका प्रयास रहता है कि जमीनी स्तर की महत्वपूर्ण खबरों को सही और विश्वसनीय जानकारी के साथ लोगों तक पहुंचाया जाए।