चांडिल : रांची-टाटा राष्ट्रीय राजमार्ग (NH-33) पर एक बार फिर भीषण ट्रैफिक जाम ने राहगीरों की परेशानी बढ़ा दी है। चिल्गु पुनर्वास कॉलोनी से शहरबेड़ा तक वाहनों की लंबी कतारें लगने से यातायात व्यवस्था पूरी तरह प्रभावित हो गई। चिल्गु में एक बस खराब हो जाने के कारण जाम की स्थिति और गंभीर हो गई, जिससे सड़क पर गाड़ियों के पहिए थम गए।

स्थानीय लोगों के अनुसार, चिल्गु-चिर्पो क्षेत्र में लंबे समय से वन-वे यातायात व्यवस्था लागू है। राष्ट्रीय राजमार्ग का निर्माण कार्य अब तक पूरा नहीं होने के कारण इस मार्ग पर आवागमन पहले से ही प्रभावित रहता है। ऐसे में किसी वाहन के खराब हो जाने से जाम की समस्या विकराल हो जाती है और यात्रियों को घंटों परेशान होना पड़ता है।
बताया जा रहा है कि चिल्गु में बस खराब होने के बाद लोगों ने मौके पर बस को धक्का देकर सड़क से किनारे करने की कोशिश भी की। इसके बावजूद लंबे समय तक जाम की स्थिति बनी रही और लोगों को तत्काल राहत नहीं मिल सकी। इस दौरान छोटे-बड़े वाहनों की लंबी कतारें लग गईं और आम राहगीरों को भारी दिक्कतों का सामना करना पड़ा।
वर्षों से अधूरा निर्माण, रोजाना जाम से परेशान जनता : NH-33 पर पुलिया एवं सड़क निर्माण कार्य में देरी और लंबे समय से लागू वन-वे व्यवस्था को लेकर स्थानीय लोगों में नाराजगी है। बार-बार लगने वाले जाम के कारण यात्रियों का समय बर्बाद हो रहा है और दैनिक आवागमन भी प्रभावित हो रहा है।
लगातार बनी इस समस्या के बीच राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण (NHAI) की कार्यप्रणाली और निर्माण कार्य की गति पर सवाल उठ रहे हैं। लोगों की मांग है कि अधूरे निर्माण कार्य को जल्द पूरा किया जाए, यातायात प्रबंधन को दुरुस्त किया जाए और खराब वाहनों को तत्काल हटाने की व्यवस्था सुनिश्चित की जाए।


