
Road Accident : लातेहार जिले के चंदवा थाना क्षेत्र में शुक्रवार देर शाम दो अलग-अलग सड़क दुर्घटनाओं में पांच युवक घायल हो गए। इनमें दो युवकों की हालत गंभीर होने पर उन्हें बेहतर इलाज के लिए सदर अस्पताल, लातेहार रेफर किया गया।
पहली दुर्घटना रांची-चतरा मुख्य मार्ग पर सुभाष चौक के पास हुई। बताया जा रहा है कि तेज रफ्तार बाइक अनियंत्रित होकर सड़क पर गिर गई। हादसे में चीरो निवासी अनोद गंझू, जोबिया निवासी रिकेश उरांव और आशीष उरांव घायल हो गए।
डॉक्टरों के मुताबिक, अनोद गंझू के सिर में गंभीर चोट लगी है, जबकि रिकेश उरांव का दाहिना पैर टूट गया है। स्थानीय लोगों की मदद से तीनों घायलों को एंबुलेंस से सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र, चंदवा पहुंचाया गया। प्राथमिक उपचार के बाद दो गंभीर घायलों को सदर अस्पताल, लातेहार भेज दिया गया।
वहीं दूसरी दुर्घटना कुजरी के पास हुई, जहां एक बाइक हादसे में दो अन्य युवक घायल हो गए। सूचना मिलते ही चंदवा पुलिस मौके पर पहुंची और दोनों घायलों को अपने वाहन से अस्पताल पहुंचाया, जहां उनका इलाज किया गया।
लगातार हो रहे सड़क हादसों को देखते हुए प्रशासन ने लोगों से वाहन सावधानीपूर्वक चलाने, हेलमेट पहनने और यातायात नियमों का पालन करने की अपील की है। तेज रफ्तार और लापरवाही सड़क दुर्घटनाओं की बड़ी वजह बन रही है।

