Weather News: झारखंड में मौसम धीरे-धीरे करवट बदल रहा है। राज्य के कई हिस्सों में अब ठंड का असर कम होने लगा है और दिन के तापमान में बढ़ोतरी देखी जा रही है।
मौसम विभाग (Meteorological Department) के अनुसार 27 जनवरी तक शीतलहर चलने की कोई संभावना नहीं है। इससे लोगों को ठंड से कुछ राहत मिलने की उम्मीद है।

तापमान में धीरे-धीरे बढ़ोतरी
मौसम विभाग की जानकारी के अनुसार झारखंड में अधिकतम तापमान 22.7 डिग्री से लेकर 31.2 डिग्री Celsius के बीच दर्ज किया गया है।
वहीं न्यूनतम तापमान 8.4 डिग्री से 13.8 डिग्री सेल्सियस तक रहा। आने वाले दिनों में दिन के तापमान में हल्की बढ़ोतरी होने की संभावना जताई गई है।
अगले कुछ दिनों का पूर्वानुमान
रांची और आसपास के क्षेत्रों में 22 जनवरी को अधिकतम तापमान 25 डिग्री और न्यूनतम 9 डिग्री सेल्सियस रहने की संभावना है।
23 जनवरी को तापमान बढ़कर अधिकतम 26 और न्यूनतम 11 डिग्री हो सकता है। 24 जनवरी को अधिकतम 27 और न्यूनतम 12 डिग्री, जबकि 25 जनवरी को अधिकतम 28 और न्यूनतम 13 डिग्री सेल्सियस रहने का अनुमान है।

जिलों में कैसा रहा तापमान
बुधवार को सबसे अधिक तापमान 31.2 डिग्री सेल्सियस चाईबासा और सरायकेला में दर्ज किया गया। जमशेदपुर में 30.5 डिग्री, डालटनगंज में 29.2 डिग्री और बोकारो में 28.2 डिग्री सेल्सियस अधिकतम तापमान रहा।
वहीं सबसे कम न्यूनतम तापमान गुमला में 8.4 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। रांची में अधिकतम 26.6 और न्यूनतम 12.9 डिग्री सेल्सियस तापमान रहा।
ठंड को लेकर क्या कहता है मौसम विभाग
मौसम विभाग के अनुसार अगले दो दिनों में न्यूनतम तापमान में करीब दो डिग्री की गिरावट हो सकती है। इसके बाद अगले तीन दिनों में न्यूनतम तापमान में तीन से चार डिग्री तक बढ़ोतरी की संभावना है।




