

Chatra News : झारखंड में नशे के अवैध कारोबार के खिलाफ अब दिल्ली पुलिस ने भी शिकंजा कसना शुरू कर दिया है। हेरोइन तस्करी के एक मामले की जांच करते हुए दिल्ली पुलिस की स्पेशल सेल चतरा पहुंची है। यहां कई संदिग्ध ठिकानों पर एक साथ छापेमारी की गई है।
बताया जा रहा है कि दिल्ली में गिरफ्तार हेरोइन तस्करों से पूछताछ के दौरान चतरा में सक्रिय कथित नेटवर्क की जानकारी सामने आई थी। इसी इनपुट के आधार पर स्पेशल सेल की टीम ने स्थानीय पुलिस के सहयोग से कार्रवाई शुरू की।
जानकारी के मुताबिक, वशिष्ठनगर जोरी थाना क्षेत्र के फुलवरिया-सरद, कुरीद और प्रतापपुर रोड स्थित बेदौली के अलावा प्रतापपुर थाना क्षेत्र के हारा गांव में भी छापेमारी की गई।
इस पूरे मामले की शुरुआत दिल्ली के रोहिणी जिले के बेगमपुर थाना क्षेत्र में हुई कार्रवाई से जुड़ी बताई जा रही है। वहां पुलिस ने हरियाणा निवासी लक्ष्मण नाम के एक कथित तस्कर को 300 ग्राम हेरोइन और करीब तीन लाख रुपये नकद के साथ गिरफ्तार किया था।
इसके बाद उसकी निशानदेही पर चतरा के मानामात निवासी प्रकाश महतो को भी गिरफ्तार किया गया।
सूत्रों के मुताबिक, पूछताछ के दौरान प्रकाश महतो ने मनीष यादव, दीपक यादव, दिलीप महतो और भानु महतो के नाम बताए। आरोप है कि वह इन लोगों के लिए नशे की खेप पहुंचाने का काम करता था और इसी सिलसिले में हेरोइन की सप्लाई लक्ष्मण तक की गई थी।
इन्हीं जानकारियों के आधार पर दिल्ली पुलिस अब कथित तस्करी नेटवर्क की अन्य कड़ियों को खंगाल रही है।
छापेमारी में जोरी और प्रतापपुर थाना पुलिस भी सहयोग कर रही है। वहीं, जोरी थाना प्रभारी अमित सिंह ने इलाके में दिल्ली पुलिस की छापेमारी की पुष्टि की है। उन्होंने बताया कि फिलहाल इस कार्रवाई में किसी की गिरफ्तारी नहीं हुई है और पुलिस की जांच जारी है।
अब सबसे बड़ा सवाल यह है कि क्या चतरा से दिल्ली तक फैले इस कथित हेरोइन तस्करी नेटवर्क के पीछे कोई बड़ा गिरोह सक्रिय है? फिलहाल पुलिस की जांच के बाद ही पूरे नेटवर्क और इसमें शामिल लोगों की भूमिका स्पष्ट हो सकेगी।


