मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने समितियों के गठन को लेकर की उच्चस्तरीय बैठक

News Aroma
2 Min Read
WhatsApp Group Join Now
Instagram Follow Now

रांची: झारखंड में 20 सूत्री कार्यक्रम क्रियान्वयन समिति एवं अन्य समितियों के गठन को लेकर शुक्रवार को झारखंड मंत्रालय में मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन के साथ मंत्री चंपई सोरेन, आलमगीर आलम, बन्ना गुप्ता, सत्यानंद भोक्ता, झारखंड कांग्रेस के अध्यक्ष राजेश ठाकुर एवं झामुमो के महासचिव विनोद कुमार पांडेय ने बैठक की।

बैठक के बाद पत्रकारों से बातचीत में मंत्री सत्यानंद भोक्ता ने कहा कि जल्द ही राज्य में 20 सूत्री तथा अन्य समितियों का गठन होगा। राज्य के सर्वांगीण विकास में इन समितियों का महत्वपूर्ण योगदान होगा।

राजेश ठाकुर ने कहा कि सरकार की जन कल्याणकारी योजनाओं को धरातल तक भ्रष्टाचारमुक्त तरीके से क्रियान्वित करने के लिए राज्य में 20 सूत्री कार्यक्रम क्रियान्वयन समिति तथा अन्य समितियों का गठन होना आवश्यक है।

उन्होंने कहा कि 20 सूत्री तथा अन्य समितियों के गठन का फार्मूला तय हो चुका है। आज की बैठक मे मुख्यमंत्री हेमन्त सोरेन को फार्मूले की सूची सौंपी गई है।

हर पहलुओं पर पूर्व में तथा आज भी विचार-विमर्श कर सहमति बनी है। उन्होंने कहा कि शीघ्र ही इन समितियों का गठन कर लिया जाएगा।

सरकार के नियमों के तहत इन समितियों में राज्य के जिलों तथा प्रखंडों में कितने एसटी, एससी, ओबीसी, महिला एवं अन्य को जगह मिलेगी इसका मिलान कर इन समितियों के गठन को मूर्त रूप दिया जाएगा।

विनोद कुमार पांडेय ने कहा कि 20 सूत्री तथा अन्य समितियों का गठन होने से राज्य में विकास की गति को रफ्तार मिलेगी तथा संगठन और जनहित में कार्य करने वाले लोगों को उचित हक, अधिकार और सम्मान मिल सकेगा।

Share This Article