
देहरादून : विकास और पर्यावरण के बीच चल रही बहस के बीच देहरादून-ऋषिकेश मार्ग के सात मोड़ क्षेत्र में पेड़ों की कटाई के विरोध में स्थानीय लोगों, पर्यावरण प्रेमियों और सामाजिक संगठनों का आंदोलन लगातार जारी है। हज़ारों पेड़ों की प्रस्तावित कटाई को लेकर लोगों में गहरी चिंता है और विरोध प्रदर्शन तेज़ हो रहे हैं। इस मौके पर पेड़ों की कटाई का विरोध कर रहे आंदोलनकारियों ने जंगल, वन्यजीव और आने वाली पीढ़ियों के लिए हरियाली बचाने की अपील की। प्रदर्शनकारियों का कहना है कि जब एक ओर हजारों पेड़ों पर आरी चल रही हो और दूसरी ओर पौधारोपण का संदेश दिया जा रहा हो, तो यह विरोधाभास है। उनका कहना है कि यह आंदोलन सिर्फ पेड़ों को बचाने का नहीं, बल्कि आने वाली पीढ़ियों के लिए जंगल और पर्यावरण बचाने की लड़ाई है। ऋषिकेश-भानियावाला फोरलेन परियोजना से शुरू हुआ यह विरोध अब स्थानीय आंदोलन से आगे बढ़कर उत्तराखंड में विकास बनाम पर्यावरण की बड़ी बहस का केंद्र बन गया है।

