
नयी दिल्ली : सरकार ने मंगलवार को लोकसभा को बताया कि कानून प्रवर्तन एजेंसियों ने 2024 से राष्ट्रीय राजधानी में मादक पदार्थों की तस्करी के मामलों में 254 विदेशी नागरिकों को गिरफ्तार किया है और उनके पास से 40.53 करोड़ रुपये से अधिक के नशीले पदार्थ जब्त किए गए हैं। सरकार ने यह भी कहा कि 103 विदेशी नागरिक बिना आवश्यक किरायेदार सत्यापन के किराये के मकान में रहते पाए गए, और 63 मकान मालिकों के खिलाफ कार्रवाई की गई।
लोकसभा में एक प्रश्न के लिखित उत्तर में, गृह राज्य मंत्री नित्यानंद राय ने कहा कि, दिल्ली पुलिस के अनुसार, 2024 और 30 जून 2026 के बीच राष्ट्रीय राजधानी क्षेत्र में रहने वाले 254 विदेशी नागरिकों को मादक पदार्थों की गैर-कानूनी तस्करी से जुड़े मामलों में गिरफ्तार किया गया। गिरफ्तार किये गए लोगों में खानपुर एक्सटेंशन, देवली, संगम विहार, महरौली, हौज रानी, उत्तम नगर और पश्चिमी दिल्ली के आस-पास के इलाकों से पकड़े गए नाइजीरियाई मूल के विदेशी नागरिक भी शामिल हैं।
वर्षवार आंकड़ों से पता चला कि 2024 में 40 विदेशी नागरिक, 2025 में 35 और 2026 की पहली छमाही में बताए गए इलाकों में 15 विदेशी नागरिक गिरफ्तार किए गए।
उनके पास से जब्त किए गए मादक पदार्थों में हेरोइन, कोकीन, एम्फैटेमिन, एमडीएमए, मेथामफेटामाइन, एक्स्टसी, गांजा और चरस शामिल हैं। 2024 में जब्त किए गए मादक पदार्थों की अनुमानित कीमत 12.75 करोड़ रुपये, 2025 में 14.27 करोड़ रुपये और इस साल 30 जून तक, 13.50 करोड़ रुपये है।
मंत्री ने कहा कि इस दौरान 103 विदेशी नागरिक बिना आवश्यक किरायेदार सत्यापन के किराये के मकान में रहते पाए गए।

