
नयी दिल्ली: दिल्ली के नजफगढ़ इलाके में 48 वर्षीय एक व्यक्ति ने मामूली बात पर हुए घरेलू विवाद के बाद तवे से कई बार वार कर पत्नी की हत्या कर दी। एक अधिकारी ने रविवार को यह जानकारी दी।अधिकारी के मुताबिक, आरोपी पिछले दो महीने से बेरोजगार और तनाव में था। पुलिस ने बताया कि दक्षिण-पश्चिम दिल्ली के गोपाल नगर निवासी दिनेश पटेल ने रविवार सुबह बाबा हरिदास नगर थाने में आत्मसमर्पण कर पुलिस को सूचित किया कि उसने अपनी पत्नी सरिता पटेल (43) की हत्या कर दी है।
पुलिस अधिकारी ने बताया, “पुलिस टीम तत्काल उस मकान में पहुंची, जहां सरिता मृत पाई गई। टीम ने घटनास्थल को सुरक्षित कर लिया, जिसके बाद फॉरेंसिक और अपराध शाखा की टीमों ने घटनास्थल का निरीक्षण कर साक्ष्य जुटाए।” अधिकारी ने बताया कि प्रारंभिक पूछताछ में दिनेश ने पुलिस को बताया कि वह पिछले दो से तीन साल से दिल्ली के राम मनोहर लोहिया अस्पताल में मानसिक बीमारी का इलाज करा रहा था। पुलिस के अनुसार, उसके मेडिकल रिकॉर्ड की पुष्टि की जा रही है।
पुलिस को यह भी पता चला है कि वह पहले एक आईटी कंपनी में काम करता था, लेकिन नौकरी छूटने के बाद वह पिछले दो महीनों से बेरोजगार था।
पुलिस के अनुसार, आर्थिक तंगी के कारण वह तनाव में था और अक्सर घरेलू मुद्दों को लेकर अपनी पत्नी से झगड़ता रहता था। दंपती के दो बच्चे हैं, जो घटना के समय घर पर मौजूद थे। मामले की जांच के तहत बच्चों के भी बयान दर्ज किए जाएंगे।
आरोपी के अनुसार, शनिवार रात मामूली बात को लेकर उसकी पत्नी से बहस हुई थी, जिसके बाद गुस्से में आकर उसने तवा उठाकर उस पर कई बार वार किए। पुलिस ने बताया कि इस संबंध में प्राथमिकी दर्ज कर जांच की जा रही है।

