नयी दिल्ली : दिल्ली में मंगलवार को कम से कम दो स्कूलों को बम की धमकी वाले ईमेल मिले, जिसके बाद इन विद्यालय परिसरों से विद्यार्थियों को बाहर निकाला गया तथा सुरक्षा जांच की गई। एक अधिकारी ने यह जानकारी दी। दिल्ली अग्निशमन सेवा के अनुसार, उसके पास धौला कुआं के ‘आर्मी पब्लिक स्कूल’ से एक फोन आया। उसने बताया कि बम की धमकी संबंधी सूचना मिलने के बाद पुलिस और अन्य आपात कार्रवाई दलों को अलर्ट किया गया तथा एहतियात के तौर पर विद्यार्थियों को विद्यालय परिसर से बाहर निकाला गया।
सुरक्षा कर्मियों ने किसी भी संदिग्ध वस्तु या सामान को लेकर विद्यालय भवन और आस-पास के इलाकों की तलाशी की। पुलिस जांच के तहत ईमेल के स्रोत का पता लगा रही है और धमकियों से जुड़ी जानकारी का भी विश्लेषण कर रही है। एक अधिकारी ने कहा कि तलाशी के दौरान कुछ भी संदिग्ध नहीं मिला तथा सुरक्षा एजेंसियों के निरीक्षण के बाद यह धमकी झूठी साबित हुई।
सरदार पटेल विद्यालय को भी धमकी मिली। विद्यालय ने एक नोटिस में कहा कि सुरक्षा संबंधी धमकी मिलने के बाद सभी विद्यार्थियों को सुरक्षित रूप से परिसर से बाहर निकाला गया।
उसने कहा कि पुलिस को सूचित कर दिया गया है और वह जरूरी कदम उठा रही है। नोटिस के अनुसार, माध्यमिक विद्यालय के विद्यार्थियों की परीक्षाएं पूरी हो चुकी हैं, जबकि उच्चतर माध्यमिक विद्यालय के विद्यार्थियों की ज़्यादातर परीक्षाएं पूरी हो गई हैं। विद्यालय ने कहा कि बची हुई परीक्षाओं पर कोई फैसला करने से पहले वह स्थिति का सावधानीपूर्वक आकलन करेगा।
अधिकारियों ने बताया कि ईमेल भेजने वाले की पहचान करने के लिए जांच चल रही है।

