
Brown Sugar Seized : झारखंड के देवघर में पुलिस ने नशे के अवैध कारोबार के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए अंतरराज्यीय ब्राउन शुगर गिरोह का भंडाफोड़ किया है। मोहनपुर थाना क्षेत्र में गुप्त सूचना के आधार पर छापेमारी कर पुलिस ने करीब 102.14 ग्राम ब्राउन शुगर बरामद की, जिसकी कीमत लगभग 20 लाख रुपये बताई जा रही है। इस मामले में चार आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है, जिनमें पश्चिम बंगाल के दो सप्लायर और देवघर के दो स्थानीय रिसीवर शामिल हैं।
बंगाल से आई थी नशे की खेप
पुलिस के मुताबिक, 17 मई की देर रात सूचना मिली थी कि पश्चिम बंगाल के वीरभूम जिले से कुछ लोग ब्राउन शुगर लेकर देवघर पहुंचे हैं और मोहनपुर इलाके में डील होने वाली है। सूचना मिलते ही एसडीपीओ के नेतृत्व में विशेष टीम गठित कर बड़ा झरना-खरगडीहा मार्ग के पास छापेमारी की गई।
कार्रवाई के दौरान पश्चिम बंगाल के वीरभूम निवासी शेख इस्ताजुल और मीर समद एक आई-10 कार से पहुंचे थे, जबकि देवघर के रोहित कुमार और नीरज कुमार महथा बाइक से नशे की खेप लेने आए थे। पुलिस ने चारों को मौके से गिरफ्तार कर लिया।
नकदी, वाहन और मोबाइल भी जब्त
छापेमारी के दौरान पुलिस ने आरोपियों के पास से 1.49 लाख रुपये नकद, एक आई-10 कार, एक बाइक और 5 मोबाइल फोन बरामद किए हैं। पुलिस ने बताया कि जब्त मोबाइल की जांच में कई अन्य तस्करों और सप्लायरों के नाम सामने आए हैं, जिनकी तलाश में लगातार छापेमारी जारी है।
झारखंड-बिहार तक फैला था नेटवर्क
एसपी प्रवीण पुष्कर के अनुसार, यह गिरोह पश्चिम बंगाल से सड़क मार्ग के जरिए ब्राउन शुगर लाकर झारखंड, बिहार और बंगाल के कई इलाकों में सप्लाई करता था। स्थानीय स्तर पर इसे छोटी पुड़ियों में बांटकर बेचा जाता था। पुलिस को शक है कि नेटवर्क काफी संगठित तरीके से संचालित किया जा रहा था।
स्थानीय आरोपियों का आपराधिक रिकॉर्ड
गिरफ्तार आरोपी नीरज कुमार महथा पर पहले से कई आपराधिक मामले दर्ज हैं, जबकि रोहित कुमार भी साइबर थाना और मोहनपुर थाना के मामलों में जेल जा चुका है। पुलिस का कहना है कि जमानत पर बाहर आने के बाद दोनों फिर नशे के धंधे में सक्रिय हो गए थे।
पूछताछ में हुए कई खुलासे
पुलिस पूछताछ में शेख इस्ताजुल ने स्वीकार किया कि वह पहले भी कई बार देवघर में ब्राउन शुगर की सप्लाई कर चुका है। उसने बताया कि एक पैकेट नीरज को बेच दिया गया था, जबकि दूसरा पैकेट रोहित को देना था, जो पुलिस ने बरामद कर लिया।
अब सेवन करने वालों पर भी कार्रवाई
देवघर पुलिस अब केवल सप्लायर और तस्करों ही नहीं, बल्कि ब्राउन शुगर बेचने और सेवन करने वालों पर भी शिकंजा कसने की तैयारी में है। पुलिस ने ऐसे लोगों की पहचान कर जल्द विशेष अभियान चलाने की बात कही है।

