
Deoghar Cyber Crime: साइबर अपराध पर लगाम लगाने के अभियान के तहत देवघर पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। साइबर थाना और पाथरौल थाना की संयुक्त टीम ने कार्रवाई करते हुए 7 साइबर अपराधियों को गिरफ्तार किया है। आरोपियों के कब्जे से 9 मोबाइल फोन, 17 ATM कार्ड, 16 सिम कार्ड, 45 हजार रुपये नकद, 3 चेकबुक, एक पासबुक, एक टाटा पंच कार और 82 प्रतिबिंब सिम बरामद किए गए हैं।
पुलिस अधीक्षक प्रवीण पुष्कर के निर्देश पर साइबर पुलिस उपाधीक्षक कैलाश प्रसाद महतो के नेतृत्व में यह छापेमारी 15 जुलाई को पाथरौल थाना क्षेत्र में की गई। गुप्त सूचना के आधार पर की गई कार्रवाई में सभी आरोपियों को गिरफ्तार किया गया।
ऐसे देते थे ठगी को अंजाम
पुलिस जांच में सामने आया कि आरोपी खुद को Flipkart, Amazon Pay, Airtel Payment Bank, Google Pay, PhonePe और Paytm का कस्टमर केयर अधिकारी बताकर लोगों को कॉल करते थे। कैशबैक, केवाईसी अपडेट, कार्ड बंद होने और अन्य बहानों से लोगों को झांसे में लेकर उनके बैंक खातों से रकम उड़ा लेते थे।
इसके अलावा आरोपी PM किसान योजना, बिजली बिल और RTO चालान के नाम पर फर्जी APK फाइल भेजते थे। जैसे ही कोई व्यक्ति उस फाइल को डाउनलोड करता, उसके मोबाइल का एक्सेस साइबर ठगों के पास पहुंच जाता और वे बैंकिंग जानकारी हासिल कर ठगी कर लेते थे।
पुलिस के अनुसार, ठगी की रकम अलग-अलग ATM से निकालकर आपस में बांट ली जाती थी।
तकनीकी जांच में मिले कई सुराग
तकनीकी जांच के दौरान बरामद मोबाइल नंबरों और IMEI के खिलाफ देश के कई राज्यों में साइबर ठगी की शिकायतें दर्ज मिली हैं। इससे अंदेशा है कि यह गिरोह लंबे समय से सक्रिय था।
फिलहाल सभी गिरफ्तार आरोपियों से पूछताछ की जा रही है। पुलिस उनके नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों की भी तलाश कर रही है और मामले की आगे की जांच जारी है।

