
Puri Rath Yatra : ओडिशा के विश्व प्रसिद्ध भगवान जगन्नाथ रथ यात्रा के दौरान गुरुवार को बड़ा हादसा हो गया। रथ यात्रा में उमड़ी भारी भीड़ के बीच अफरा-तफरी जैसी स्थिति बन गई। इस घटना में एक श्रद्धालु की मौत हो गई, जबकि करीब 100 श्रद्धालु घायल बताए जा रहे हैं। सभी घायलों को इलाज के लिए अलग-अलग अस्पतालों में भर्ती कराया गया है।
प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, मृत श्रद्धालु की भीड़ के बीच अचानक तबीयत बिगड़ गई और उन्हें सांस लेने में दिक्कत होने लगी। उन्हें तुरंत अस्पताल ले जाया गया, लेकिन डॉक्टरों ने जांच के बाद मृत घोषित कर दिया।
प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, ग्रैंड रोड (बड़ा डांडा) पर भगवान जगन्नाथ, भगवान बलभद्र और देवी सुभद्रा के रथों के दर्शन और रथ खींचने के लिए बड़ी संख्या में श्रद्धालु मौजूद थे। भीड़ लगातार बढ़ने से धक्का-मुक्की शुरू हो गई और कई लोग संतुलन खोकर गिर पड़े। इसके बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई।
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस, ओडिशा डिजास्टर रैपिड एक्शन फोर्स (ODRAF) और स्वास्थ्य विभाग की टीमें मौके पर पहुंचीं। राहत और बचाव अभियान चलाकर घायलों को एंबुलेंस के जरिए पुरी जिला अस्पताल और अन्य चिकित्सा केंद्रों में पहुंचाया गया। अतिरिक्त सुरक्षा बलों की तैनाती कर स्थिति को जल्द ही नियंत्रित कर लिया गया।
फिलहाल प्रशासन ने पूरे मामले की जांच शुरू कर दी है। अधिकारियों का कहना है कि घटना के कारणों और घायलों की संख्या को लेकर विस्तृत रिपोर्ट आने के बाद ही पूरी स्थिति स्पष्ट हो सकेगी।

