
देवघर: सावन की पहली सोमवारी पर बाबा बैद्यनाथ धाम में आस्था का जनसैलाब देखने को मिल रहा है। सुबह से ही मंदिर परिसर और आसपास के इलाकों में शिवभक्तों की भारी भीड़ जुटी हुई है। जिला प्रशासन का अनुमान है कि सोमवार शाम तक दो लाख से अधिक श्रद्धालु देवघर पहुंच सकते हैं। श्रद्धालुओं की लगातार बढ़ती संख्या को देखते हुए जिला प्रशासन ने सुरक्षा, भीड़ नियंत्रण और सुचारु जलार्पण के लिए व्यापक इंतजाम किए हैं। पूरी व्यवस्था पर तकनीक के जरिए नजर रखी जा रही है, ताकि श्रद्धालु सुरक्षित और व्यवस्थित तरीके से बाबा बैद्यनाथ का जलाभिषेक कर सकें।
पहली सोमवारी के मौके पर पूरा देवघर ‘हर-हर महादेव‘ के जयघोष से गूंज उठा। देश के अलग-अलग राज्यों से बड़ी संख्या में कांवरिये और श्रद्धालु बाबा धाम पहुंचे हैं। जैसे-जैसे दिन आगे बढ़ रहा है, वैसे-वैसे श्रद्धालुओं की भीड़ भी बढ़ती जा रही है। प्रशासन का अनुमान है कि दोपहर तक श्रद्धालुओं की संख्या दो लाख के आंकड़े को पार कर सकती है। इसी को ध्यान में रखते हुए सभी संबंधित विभागों को अलर्ट मोड पर रखा गया है, ताकि श्रद्धालुओं को किसी तरह की परेशानी का सामना न करना पड़े।

