
धनबाद: धनबाद-चंद्रपुरा (डीसी) रेलखंड पर सोनारडीह कैबिन के पास रेलवे ट्रैक से करीब चार मीटर की दूरी पर अचानक जमीन धंस गई, जिससे बड़ा गोफ बन गया। घटना की जानकारी मिलते ही आसपास के लोगों में चिंता फैल गई। बुधवार को रेलवे और बीसीसीएल गोविंदपुर एरिया-3 के अधिकारी मौके पर पहुंचे और तुरंत गोफ भरने का काम शुरू कराया, ताकि ट्रेनों का संचालन सुरक्षित बना रहे।
बताया गया कि ट्रैक की नियमित जांच कर रहे एक ट्रैकमैन ने सबसे पहले गोफ देखा। उसने तुरंत अपने अधिकारियों को सूचना दी। इसके बाद टीम ने मौके का निरीक्षण किया और पूरे इलाके की निगरानी बढ़ा दी। प्रारंभिक अनुमान है कि भूमिगत कोयला खनन, खाली खदानों और मिट्टी के कटाव की वजह से जमीन धंसी होगी। हालांकि असली कारण तकनीकी जांच के बाद ही स्पष्ट होगा। गौरतलब है कि 15 जून 2017 को इसी रेलखंड पर भूमिगत आग की आशंका के कारण ट्रेनों का परिचालन बंद कर दिया गया था। अब दोबारा गोफ बनने से रेलवे और स्थानीय लोगों की चिंता फिर बढ़ गई है।

