बकरीद को ले धनबाद पुलिस ने की मॉक ड्रिल, उपद्रवियों पर रहेगी पैनी नजर

Archana Ekka
4 Min Read
WhatsApp Group Join Now
Instagram Follow Now

.आंसू गैस, वाटर कैनन और लाठीचार्ज का अभ्यास, हर आपात स्थिति से निपटने को तैयार पुलिस
.संवेदनशील इलाकों में अतिरिक्त पुलिस बल तैनात, सोशल मीडिया पर भी पुलिस की कड़ी निगरानी

धनबाद : मुस्लिम समुदाय के दूसरे सबसे बड़े त्योहार ईद-उल-अजहा को शांतिपूर्ण एवं सौहार्दपूर्ण माहौल में संपन्न कराने को लेकर जिले की पुलिस पूरी तरह अलर्ट मोड में नजर आ रही है। एसएसपी प्रभात कुमार के निर्देश पर मंगलवार को पुलिस केंद्र में विशेष मॉक ड्रिल का आयोजन किया गया। मॉक ड्रिल के माध्यम से जिले में किसी भी आपात स्थिति, भीड़ नियंत्रण, सांप्रदायिक तनाव या विधि-व्यवस्था की चुनौती से निपटने की तैयारियों को परखा गया। मॉक ड्रिल के माध्यम से पुलिस जवानों को किसी भी आपात स्थिति और भीड़ नियंत्रण से निपटने का प्रशिक्षण दिया गया। मॉक ड्रिल के दौरान अश्रु गैस के गोले छोड़ने, लाठीचार्ज कर भीड़ को नियंत्रित करने तथा तनावपूर्ण हालात में त्वरित कार्रवाई करने का रिहर्सल किया गया।

इस दौरान सिटी एसपी रित्विक श्रीवास्तव, ग्रामीण एसपी एस मोहम्मद याक़ूब , डीएसपी मुख्यालय कुमार विनोद, डीएसपी सीसीआर प्रदीप कुमार साव, एसडीपीओ सिंदरी प्रकाश चंद्र महतो, सार्जेंट मेजर अवधेश कुमार समेत कई वरीय पुलिस पदाधिकारी मौजूद रहे। अधिकारियों ने जवानों को आवश्यक दिशा-निर्देश देते हुए हर परिस्थिति में संयम और तत्परता के साथ कार्रवाई करने का निर्देश दिया। मॉक ड्रिल के दौरान पुलिस बल की ओर से दंगा नियंत्रण और भीड़ प्रबंधन का लाइव अभ्यास किया गया। जवानों ने आंसू गैस के गोले दागने, लाठीचार्ज, फायरिंग, संदिग्ध हालात में त्वरित कार्रवाई और वाटर कैनन के इस्तेमाल का प्रदर्शन किया। इसके अलावा संवेदनशील हालात में लोगों को सुरक्षित बाहर निकालने, उपद्रवियों पर नियंत्रण और त्वरित रिस्पांस की प्रक्रिया का भी अभ्यास कराया गया। इस अभ्यास का उद्देश्य पुलिस जवानों को पूरी तरह अलर्ट और तैयार रखना है, ताकि किसी भी परिस्थिति में तुरंत कार्रवाई की जा सके।

पुलिस अधिकारियों ने बताया कि बकरीद के अवसर पर जिले के सभी संवेदनशील और अतिसंवेदनशील इलाकों की पहचान कर ली गई है। वहां अतिरिक्त पुलिस बल, क्यूआरटी (Quick Response Team) और गश्ती दलों की तैनाती की जा रही है। प्रमुख चौक-चौराहों, बाजारों/और भीड़भाड़ वाले क्षेत्रों में विशेष निगरानी रखी जा रही है। डायल 112 की पेट्रोलिंग टीम भी लगातार सक्रिय रहेगी। सिटी एसपी रित्विक श्रीवास्तव ने कहा कि त्योहार के दौरान शांति व्यवस्था बनाए रखना पुलिस की प्राथमिकता है। कंट्रोल रूम और पुलिस केंद्र से पूरे जिले की गतिविधियों की मॉनिटरिंग की जाएगी। सभी थाना प्रभारियों को अपने-अपने क्षेत्रों में लगातार गश्त करने और असामाजिक तत्वों पर कड़ी नजर रखने का निर्देश दिया गया है।

उन्होंने आम नागरिकों से अफवाहों पर ध्यान नहीं देने और किसी भी संदिग्ध गतिविधि की जानकारी तुरंत पुलिस को डायल 112 पर देने की अपील की। साथ ही चेतावनी दी कि सोशल मीडिया पर भड़काऊ, आपत्तिजनक या माहौल खराब करने वाली पोस्ट न करें। सोशल मीडिया प्लेटफार्म पर पुलिस की पैनी नजर है। माहौल बिगाड़ने की मंशा रखने वालों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी। धनबाद पुलिस ने जिलेवासियों से बकरीद को आपसी भाईचारे, शांति और सौहार्द के साथ मनाने की अपील की है, ताकि पर्व शांतिपूर्ण वातावरण में संपन्न हो सके।

Share This Article
अर्चना एक्का को पत्रकारिता का दो वर्ष का अनुभव है। उन्होंने अपने पत्रकारिता करियर की शुरुआत इंटर्नशिप से की। इस दौरान उन्होंने झारखंड उजाला, सनमार्ग और इम्पैक्ट नेक्सस जैसे मीडिया संस्थानों में काम किया। इन संस्थानों में उन्होंने रिपोर्टर, एंकर और कंटेंट राइटर के रूप में कार्य करते हुए न्यूज़ रिपोर्टिंग, एंकरिंग और कंटेंट लेखन का अनुभव प्राप्त किया। पत्रकारिता के क्षेत्र में वह सक्रिय रूप से काम करते हुए अपने अनुभव को लगातार आगे बढ़ा रही हैं।