कठिन परिस्थितियों को मात देकर हासिल की बड़ी सफलता

धनबाद : सिंदरी के पूर्व विधायक इंद्रजीत महतो एवं भाजपा नेत्री तारा देवी के बेटे प्रशांत कुमार महतो ने सीए (चार्टर्ड अकाउंटेंसी) इंटरमीडिएट मई 2026 परीक्षा में सफलता प्राप्त कर परिवार, बलियापुर प्रखंड तथा पूरे धनबाद जिले का नाम रोशन किया है। प्रशांत की सफलता इसलिए भी विशेष मानी जा रही है क्योंकि उन्होंने अपने जीवन के चुनौतीपूर्ण दौर में यह उपलब्धि हासिल की है। अपने अस्वस्थ पिता के इलाज के लिए हैदराबाद में रहते हुए उन्होंने उनकी देखभाल की जिम्मेदारी निभाई। इसके साथ ही ऑनलाइन माध्यम से सीए परीक्षा की तैयारी भी जारी रखी।
पारिवारिक जिम्मेदारियों और विपरीत परिस्थितियों के बावजूद प्रशांत ने अपनी पढ़ाई में निरंतरता बनाए रखी तथा दृढ़ संकल्प, अनुशासन और कठिन परिश्रम के बल पर सफलता अर्जित की। उनकी यह उपलब्धि उन युवाओं के लिए प्रेरणा है जो चुनौतियों के बीच अपने सपनों को साकार करने का प्रयास कर रहे हैं। प्रशांत कुमार महतो की इस सफलता पर क्षेत्र के बुद्धिजीवियों, शिक्षाविदों, सामाजिक एवं राजनीतिक लोगों ने प्रसन्नता व्यक्त करते हुए उन्हें बधाई दी है। सभी ने उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की है। प्रशांत की यह उपलब्धि साबित करती है कि कठिन परिस्थितियां सफलता के मार्ग में बाधा नहीं, बल्कि उसे और अधिक मजबूत बनाने का अवसर होती हैं।


