रांची : पर्यावरणविद डॉ नीतीश प्रियदर्शी ने कहा है कि जलवायु परिवर्तन का सबसे बुरा असर महिलाओं, बच्चों और कृषि पर पड़ रहा है। जलवायु परिवर्तन की वजह से लोग पलायन कर रहे हैं। यह अच्छा संकेत नहीं है। वे मंगलवार को एक्सआइएसएस में इंट्रोडक्शन टू इन्वायरमेंट एंड सस्टेनेबिलिटी विषय पर आयोजित सेमिनार में बोल रहे थे। उन्होंने कहा कि जब से पृथ्वी बनी है तबसे इसका पर्यावरण बदल रहा है। उन्होंने कहा कि पृथ्वी पांच महाविनाश कर चुकी है। पर्यावरण में बदलाव की यही रफ्तार रही तो छठा महाविनाश भी होने से कोई रोक नहीं सकता। उन्होंने कहा कि रांची समेत पूरे देश में जो जंगल काटे जा रहे हैं उसका पर्यावरण पर बुरा असर पड़ रहा है। बढ़ता शहरीकरण भी पर्यावरण पर बुरा असर डाल रहा है। बदलते पर्यावरण के कारण पाकुड़ में महुआ के उत्पादन पर असर पड़ा है। उन्होंने कहा कि जंगल लगाया नहीं जा सकता। जंगल अपने आप होता है। हम पेड़ लगा सकते हैं और पर्यावरण को बचाने में अपनी महत्वपूर्ण भूमिका निभा सकते हैं।



