धनबाद : वंदे भारत ट्रेन से चोरी हुए रेलवे के सामान को खपाने के मामले में धनबाद रेल पुलिस और रेलवे सुरक्षा बल (आरपीएफ) ने बड़ी कार्रवाई की है। गुरुवार शाम पुलिस की संयुक्त टीम ने कतरास के हनुमान मेंशन स्थित गनौरी बर्तन दुकान में छापेमारी की। तलाशी के दौरान यहां से चोरी के बताए जा रहे 30 पीतल के नल समेत अन्य सामान बरामद किए गए। पुलिस दुकान संचालक संजय कसेरा को हिरासत में लेकर पूछताछ के लिए धनबाद ले गई।जानकारी के अनुसार, रेलवे की संपत्ति चोरी करने के आरोप में पकड़े गए लोगों से पूछताछ के दौरान गनौरी बर्तन दुकान का नाम सामने आया था। इसके बाद धनबाद रेल पुलिस और आरपीएफ की टीम ने कतरास पुलिस के सहयोग से दुकान में छापेमारी की। तलाशी के दौरान कथित तौर पर चोरी के नल और अन्य सामान मिले। पुलिस ने सभी बरामद सामान को जब्त कर लिया।



