धनबाद: झारखंड के धनबाद में वन विभाग ने वन्यजीवों के अंगों की तस्करी करने वाले गिरोह का खुलासा किया है। मेमको मोड़ स्थित एक होटल में छापेमारी कर तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है। मौके से तेंदुए के नाखून, दांत, रीढ़ की हड्डी और खाल समेत कुल 35 प्रतिबंधित वन्यजीव अंग बरामद किए गए हैं। वन विभाग के अनुसार, बरामद अंगों की अनुमानित कीमत 35 से 40 लाख रुपये के बीच है।
सात दिनों तक निगरानी के बाद कार्रवाई
वन प्रमंडल पदाधिकारी (डीएफओ) विकास पालीवाल ने गुरुवार को प्रेसवार्ता में बताया कि विभाग को होटल में वन्यजीवों के अंगों की खरीद-बिक्री होने की गुप्त सूचना मिली थी। सूचना मिलने के बाद वन विभाग की विशेष टीम ने करीब सात दिनों तक संदिग्ध गतिविधियों पर नजर रखी।

जांच के दौरान टीम के एक अधिकारी ग्राहक बनकर होटल पहुंचे। आवश्यक साक्ष्य जुटाने के बाद वन विभाग ने कार्रवाई करते हुए तीन आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया।
गिरफ्तार आरोपियों की पहचान
वन विभाग के मुताबिक, गिरफ्तार आरोपियों की पहचान झरिया निवासी मोहम्मद शाहबाज खान, बरवाअड्डा निवासी वसीम असगर खान और भूली निवासी शहजादा खुर्रम के रूप में हुई है


