
बॉलीवुड एक्ट्रेस दिशा पटानी अब अंतरराष्ट्रीय सिनेमा में अपनी पहचान बनाने की दिशा में एक बड़ा कदम बढ़ा चुकी हैं। वह जल्द ही ऑस्कर विजेता एक्टर केविन स्पेसी के साथ एक अंतरराष्ट्रीय प्रोजेक्ट में नजर आएंगी। इस प्रोजेक्ट के जरिए दिशा अपना हॉलीवुड डेब्यू करने जा रही हैं, जिसे लेकर उनके फैंस में काफी उत्साह है।
हॉलीवुड में ऑडिशन की अहम भूमिका
दिशा पाटनी का कहना है कि हॉलीवुड का काम करने का तरीका भारतीय फिल्म इंडस्ट्री से काफी अलग और ज्यादा व्यवस्थित है। उन्होंने बताया कि वहां किसी कलाकार की पॉपुलैरिटी या स्टारडम से ज्यादा इस बात को महत्व दिया जाता है कि वह किसी किरदार के लिए कितना उपयुक्त है। हॉलीवुड में छोटे से छोटे और बड़े से बड़े रोल के लिए भी ऑडिशन और स्क्रीन टेस्ट की प्रक्रिया से गुजरना पड़ता है। उनके अनुसार, यही प्रक्रिया कलाकारों को लगातार सीखने और खुद को बेहतर बनाने का अवसर देती है।
केविन स्पेसी के साथ काम करना रहा खास अनुभव
दिशा ने केविन स्पेसी के साथ काम करने के अनुभव को बेहद प्रेरणा बताया। उन्होंने कहा कि इतने अनुभवी और प्रतिष्ठित एक्टर के साथ स्क्रीन साझा करना किसी मास्टरक्लास से कम नहीं था। कैमरों के सामने उनका आत्मविश्वास, स्थिरता और अभिनय के प्रति समर्पण देखने लायक है। शुरुआत में वह थोड़ी घबराई हुई थीं, लेकिन पूरी टीम ने उन्हें सहज महसूस कराया।
प्री-प्रोडक्शन की तैयारी से मिली सीख
अभिनेत्री ने यह भी बताया कि हॉलीवुड में प्री-प्रोडक्शन यानी शूटिंग से पहले की तैयारी पर काफी ध्यान दिया जाता है। इससे सेट पर समय की बचत होती है और कलाकारों को अपने प्रदर्शन पर पूरी तरह ध्यान केंद्रित करने का अवसर मिलता है। दिशा का रुख है कि यह पेशेवर दृष्टिकोण किसी भी प्रोजेक्ट की सफलता में महत्वपूर्ण भूमिका निभाता है।

