
जामताड़ा : झारखंड की प्रतिभाशाली निशानेबाज दिवाषी हेंब्रम ने अंतरराष्ट्रीय स्तर पर शानदार प्रदर्शन करते हुए स्वर्ण पदक अपने नाम किया है। थाईलैंड में आयोजित अंतरराष्ट्रीय राइफल शूटिंग एयरगन प्रतियोगिता में दिवाषी ने बेहतरीन निशानेबाजी का प्रदर्शन कर भारतीय टीम को स्वर्ण पदक दिलाया। उनकी इस उपलब्धि से न केवल झारखंड, बल्कि पूरे देश का नाम गौरवान्वित हुआ है।
दिवाषी हेंब्रम जामताड़ा जिले के कुंडहित प्रखंड की निवासी हैं। पिछले चार-पांच महीनों की कड़ी मेहनत और लगातार अभ्यास के बाद उन्हें यह बड़ी सफलता मिली है। उनकी जीत के बाद पूरे जामताड़ा जिले में खुशी और जश्न का माहौल है। रविवार को उनके जामताड़ा पहुंचने पर भव्य स्वागत की तैयारियां जोर-शोर से की जा रही हैं।
इस उपलब्धि की जानकारी देते हुए जामताड़ा जिला ओलंपिक संघ के सीनियर वाइस प्रेसिडेंट दीपक दुबे ने बताया कि 4 से 7 मई तक आयोजित इस अंतरराष्ट्रीय प्रतियोगिता में 14 सदस्यीय भारतीय टीम ने हिस्सा लिया था, जिसमें दिवाषी हेंब्रम ने देश का प्रतिनिधित्व किया। प्रतियोगिता में उनके शानदार प्रदर्शन की बदौलत भारत को स्वर्ण पदक हासिल हुआ।
गौरतलब है कि इसी वर्ष जनवरी में गोवा में आयोजित राष्ट्रीय राइफल शूटिंग एयरगन प्रतियोगिता में भी दिवाषी हेंब्रम ने स्वर्ण पदक जीतकर अपनी प्रतिभा का लोहा मनवाया था। इसके बाद ही उनका चयन भारतीय टीम के लिए किया गया था।

