डीएलएफ का आवासीय बिक्री, बेहतर मार्जिन और किराये से आय वृद्धि पर जोर : त्यागी

डीएलएफ लक्जरी आवासों की बिक्री, बेहतर लाभ मार्जिन और किराये की आय बढ़ाने पर जोर दे रही है। कंपनी ने वित्त वर्ष 2026-27 के लिए 20,000 करोड़ रुपये की बिक्री बुकिंग का लक्ष्य रखा है।

Archana Ekka
2 Min Read
WhatsApp Group Join Now
Instagram Follow Now

नयी दिल्ली : रियल एस्टेट क्षेत्र की प्रमुख कंपनी डीएलएफ लिमिटेड लक्जरी आवासों की मजबूत अग्रिम बिक्री, बेहतर लाभ मार्जिन और वाणिज्यिक संपत्तियों से किराये की आय बढ़ाने पर ध्यान दे रही है। कंपनी के प्रबंध निदेशक अशोक त्यागी ने शनिवार को यह बात कही। त्यागी ने बाजार विश्लेषकों के साथ बातचीत में कहा कि कोरोना महामारी के बाद शुरू की गई आवासीय परियोजनाओं के अगले कुछ वर्षों में पूरा होने पर कंपनी का राजस्व उल्लेखनीय रूप से बढ़ेगा। इन परियोजनाओं के पूरा होने के बाद कंपनी अपने खातों में उनसे होने वाली आय दर्ज कर सकेगी।

उन्होंने कहा, ‘‘हमारे कारोबार को आगे बढ़ाने वाले तीन प्रमुख कारक हैं- चुनिंदा आवासीय उत्पादों की मजबूत अग्रिम बिक्री, नकदी और लाभ मार्जिन में अच्छी वृद्धि तथा किराये से होने वाली आय के कारोबार में वृद्धि।’’ त्यागी ने भरोसा जताया कि कंपनी इन तीनों प्रमुख कारकों के आधार पर वृद्धि हासिल करने में सफल रहेगी। बाजार पूंजीकरण के लिहाज से देश की सबसे बड़ी रियल एस्टेट कंपनी डीएलएफ ने चालू वित्त वर्ष की पहली छमाही में 4,457 करोड़ रुपये की संपत्तियों की बिक्री की। कंपनी ने वित्त वर्ष 2026-27 में करीब 20,000 करोड़ रुपये की बिक्री बुकिंग का लक्ष्य रखा है।

डीएलएफ के मुख्य वित्त अधिकारी (सीएफओ) बादल बागड़ी ने कहा कि कंपनी ने सितंबर तिमाही में एक बार फिर मजबूत प्रदर्शन किया है। उन्होंने कहा कि यह प्रदर्शन कंपनी की संपत्तियों की गुणवत्ता, योजनाबद्ध तरीके से परियोजनाओं को पूरा करने, ब्रांड की मजबूती और विकास परियोजनाओं तथा नियमित आय देने वाले कारोबार में पूंजी के विवेकपूर्ण आवंटन को दर्शाता है।

Share This Article
अर्चना एक्का को पत्रकारिता का दो वर्ष का अनुभव है। उन्होंने अपने पत्रकारिता करियर की शुरुआत इंटर्नशिप से की। इस दौरान उन्होंने झारखंड उजाला, सन्मार्ग और इम्पैक्ट नेक्सस जैसे मीडिया संस्थानों में काम किया। इन संस्थानों में उन्होंने रिपोर्टर, एंकर और कंटेंट राइटर के रूप में कार्य करते हुए न्यूज़ रिपोर्टिंग, एंकरिंग और कंटेंट लेखन का अनुभव प्राप्त किया। पत्रकारिता के क्षेत्र में वह सक्रिय रूप से काम करते हुए अपने अनुभव को लगातार आगे बढ़ा रही हैं।