
नई दिल्ली : अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने सोमवार को इजराइल के प्रधानमंत्री बेंजामिन नेतन्याहू से लेबनान की राजधानी बेरूत पर संभावित सैन्य हमले को लेकर बातचीत की। इस तीखी बातचीत के बाद नेतन्याहू ने बेरूत पर हमले की योजना को टाल दिया। अमेरिकी मीडिया की रिपोर्ट के अनुसार, ट्रंप ने बातचीत के दौरान नेतन्याहू को काफी खरी-खोटी सुनाई और यहां तक कह दिया कि उनके हस्तक्षेप के बिना वह जेल में होते।
ट्रंप ने अपने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ‘ट्रुथ सोशल’ पर इस बात की पुष्टि की। उन्होंने बताया कि सोमवार को नेतन्याहू से बात कर उनसे बेरूत पर बड़ा हमला न करने को कहा गया था, जिसके बाद इजरायली प्रधानमंत्री ने अपने सैनिकों को वापस बुला लिया। ट्रंप ने नेतन्याहू का उनके चर्चित निकनेम ‘बीबी’ से जिक्र करते हुए उनका धन्यवाद भी किया। दरअसल, यह बातचीत तब हुई जब ईरान ने लेबनान पर इजराइल के हमलों को लेकर अमेरिका के साथ चल रही बातचीत को खत्म करने की धमकी दी थी। नेतन्याहू ने पहले चेतावनी दी थी कि अगर हिजबुल्लाह ने इजराइल पर हमले नहीं रोके, तो वे बेरूत में ‘आतंकी ठिकानों’ को निशाना बनाएंगे।

