
डेस्कः पांच राज्यों में हुए विधानसभा चुनावों की मतगणना जारी है। शुरुआती रुझानों ने सियासी माहौल गरमा दिया है। असम चुनाव में इस बार झारखंड के मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन की पार्टी जेएमएम ने भी 19 उम्मीदवार उतारे थे। शुरुआती रुझानों के मुताबिक, जेएमएम असम की मजबत समेत 3 सीटों पर मजबूत टक्कर दे रही है। दिगबोई सीट पर भरत नायक, भेरगांव सीट पर प्रभात कुमार प्रमाणिक और मजबत सीट पर प्रीति रेखा बारला दूसरे स्थान पर चल रहे हैं। पश्चिम बंगाल में टीएमसी और बीजेपी के बीच सीधी टक्कर देखने को मिल रही है, जहां शुरुआती बढ़त में बीजेपी आगे निकलती दिख रही है। वहीं असम में बीजेपी बहुमत की ओर बढ़ती नजर आ रही है।
जानिए केरल, बंगाल का हाल
पश्चिम बंगाल, असम, तमिलनाडु और केरल समेत पांच राज्यों में वोटों की गिनती जारी है। बंगाल में बीजेपी ने 100 का आंकड़ा पार कर लिया है। टीएमसी पर बढ़त बनाती दिख रही है। वहीं असम में पार्टी बहुमत के आंकड़े को पार करती नजर आ रही है। बंगाल में मुकाबला बेहद दिलचस्प बना हुआ है। भवानीपुर सीट पर कांटे की टक्कर देखने को मिल रही है। तीसरे राउंड की गिनती के बाद ममता बनर्जी ने फिर बढ़त हासिल कर ली है। दूसरे राउंड तक बीजेपी के सुवेंदु अधिकारी 1558 वोटों से आगे थे, लेकिन तीसरे राउंड में ममता ने वापसी करते हुए 898 वोटों की बढ़त बना ली। इस सीट पर कुल 20 राउंड की गिनती होनी है।
रुझानों के आधार पर ऐसा लग रहा है कि बंगाल में ममता बनर्जी की सरकार पर खतरा मंडरा रहा है। इसी बीच खबर है कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी शाम करीब साढ़े छह बजे बीजेपी मुख्यालय पहुंच सकते हैं। वहीं तमिलनाडु से भी चौंकाने वाली तस्वीर सामने आ रही है। यहां विजय की पार्टी TVK शानदार प्रदर्शन करती दिख रही है और शुरुआती रुझानों में 106 सीटों पर आगे चल रही है।

