अभिनेत्री कंगना रनौत का बॉडीगार्ड कर्नाटक से गिरफ्तार

Digital News
3 Min Read
WhatsApp Group Join Now
Instagram Follow Now

मुंबई: मुंबई पुलिस ने फिल्म अभिनेत्री कंगना रनौत के निजी बॉडीगार्ड कुमार हेगड़े को बलात्कार के आरोप में कर्नाटक स्थित उसके गांव से गिरफ्तार कर लिया है।

दरअसल, आरोपी बॉडीगार्ड शादी करने के लिए अपने गांव गया था। जहां पुलिस ने शादी की तैयारियों के बीच उसे गिरफ्तार किया।

बता दें कि कंगना के पर्सनल बॉडीगार्ड कुमार हेगड़े पर मुंबई की एक ब्यूटिशियन ने शादी का झांसा देकर अपने साथ कई बार बलात्कार का आरोप लगाया है।

इसके बाद मुंबई के डीएन नगर पुलिस ने कुमार हेगड़े के खिलाफ एफआईआर दर्ज कर ली थी। हालांकि मुंबई पुलिस ने अब कुमार को कर्नाटक की स्थानीय पुलिस की मदद से गिरफ्तार कर लिया है।

बताया गया है कि मुंबई की डीएन नगर पुलिस स्टेशन के अधिकारियों ने शनिवार को आरोपी कुमार हेगड़े को उसी के गांव में जाकर उसे गिरफ्तार कर लिया।

दरअसल कुमार हेगड़े अपनी शादी के सिलसिले में कर्नाटक के मांडया जिले में स्थित अपने गांव हेग्गादहाली में गया हुआ था और 28 अप्रैल से ही उसका फोन स्विच ऑफ आ रहा था।

ऐसे में कुमार हेगड़े की लिवइन पार्टनर रही पीड़िता और केस दर्ज कराने के बाद से पुलिस भी उससे संपर्क नहीं कर पा रही थी।

कुमार हेगड़े की गिरफ्तारी के लिए गई मुंबई पुलिस अपने साथ पीड़िता और उसकी दोस्त दिव्या कोटियान को भी मुंबई से कर्नाटक ले गई थी।

शनिवार को गिरफ्तारी के बाद कुमार हेगड़े को मुंबई लाने की तमाम प्रक्रियाओं को पूरा करते हुए पुलिस ने कुमार हेगड़े को वहां की स्थानीय अदालत में भी पेश किया था।

आपको बता दें कि दिव्या कोटियान ने ही अपनी ब्यूटिशियन दोस्त को कुमार हेगड़े के खिलाफ पुलिस में शिकायत करने की सलाह दी थी और इसमें उसकी मदद की थी।

इसके बाद दिव्या ने कहा था कि कुमार हेगड़े उसकी दोस्त के साथ अप्राकृतिक तरीके से भी सेक्स करता था और कुमार ने पीड़िता से 50,000 रुपये भी लिए थे।

मुंबई के डीएन नगर पुलिस स्टेशन में कुमार हेगड़े के खिलाफ दर्ज की गई शिकायत के मुताबिक आरोपी और पीड़िता पिछले 8 सालों से एक-दूसरे को जानते थे।

मगर एक साल पहले आरोपी ने पीड़िता को शादी के लिए प्रपोज किया था और तभी से आरोपी और पीड़िता दोनों लिवइन पार्टनर के तौर पर रहे थे।

मगर पीड़िता के अनुसार, शादी का वादा करने और इस बहाने उसके साथ कई बार बलात्कार करने के बाद आरोपी अपने वादे से मुकर गया और अपनी मां की मौत का बहाना बनाकर वो अपने गांव चला गया।

लेकिन बाद में पीड़िता को पता चला कि कुमार हेगड़े शादी करने के लिए अपने गांव गया हुआ है। ऐसे में शादी की तैयारियों के बीच मुंबई पुलिस ने कुमार हेगड़े को कर्नाटक में उसी के गांव में गिरफ्तार कर लिया।

Share This Article