
Fatuha Shooting : बिहार की राजधानी पटना से सटे फतुहा इलाके में रविवार को दिनदहाड़े हुई गोलीबारी की घटना ने सनसनी फैला दी। फतुहा थाना क्षेत्र के डुमरी गांव के पास कार से पहुंचे तीन दोस्तों के बीच हुआ विवाद अचानक हिंसक झड़प में बदल गया। आरोप है कि बहस के दौरान एक युवक ने अपने ही साथी पर गोली चला दी और मौके से फरार हो गया। घटना के बाद इलाके में अफरा-तफरी मच गई।
घायल युवक की हालत नाजुक, PMCH में इलाज जारी
गोली लगने से गंभीर रूप से घायल युवक को स्थानीय लोगों की मदद से तुरंत फतुहा के अस्पताल पहुंचाया गया। डॉक्टरों ने प्राथमिक इलाज के बाद उसकी हालत गंभीर देखते हुए बेहतर उपचार के लिए उसे PMCH, पटना रेफर कर दिया। अस्पताल सूत्रों के मुताबिक युवक की स्थिति चिंताजनक बनी हुई है।
घटनास्थल से पुलिस ने जुटाए अहम सबूत
वारदात की सूचना मिलते ही फतुहा थाना पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी। पुलिस ने घटनास्थल से एक खोखा और जिंदा कारतूस बरामद किया है। साथ ही आसपास के लोगों और दुकानदारों से पूछताछ कर मामले की तह तक पहुंचने की कोशिश की जा रही है।
पुरानी रंजिश या आपसी विवाद? जांच में जुटी पुलिस
प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि तीनों युवक एक ही कार में सवार होकर डुमरी इलाके पहुंचे थे। इसी दौरान किसी बात को लेकर विवाद बढ़ा और गोलीबारी की घटना हो गई। पुलिस फरार आरोपियों की पहचान कर संभावित ठिकानों पर छापेमारी कर रही है। अधिकारियों का कहना है कि मामले में शामिल लोगों को जल्द गिरफ्तार कर लिया जाएगा।

