बेंगलुरु के पूर्व पुलिस आयुक्त भास्कर राव AAP में हुए शामिल

News Aroma Media
2 Min Read
WhatsApp Group Join Now
Instagram Follow Now

नई दिल्ली: कर्नाटक के वरिष्ठ आईपीएस अधिकारी एवं बेंगलुरु के पूर्व पुलिस आयुक्त भास्कर राव ने सोमवार को आम आदमी पार्टी (आप) की सदस्यता ग्रहण की।

राव को दिल्ली के उपमुख्यमंत्री मनीष सिसोदिया ने पार्टी मुख्यालय में सदस्यता दिलाई है।

इस दौरान सिसोदिया ने मीडिया से बातचीत करते हुए कहा कि केजरीवाल मॉडल ऑफ गवर्नेंस की चर्चा पूरे देश में है। आप का दक्षिण भारत में भी विस्तार हो रहा है।

वहां भी लोग केजरीवाल मॉडल ऑफ गवर्नेंस से प्रभावित हैं। भास्कर राय एक अच्छे अधिकारी रहे हैं। आज उन्होंने केजरीवाल के विकास मॉडल से प्रभावित होकर आप की सदस्यता ग्रहण की है।

पार्टी उनका स्वागत करती है। सिसोदिया ने कहा कि जो समाज के लिए अच्छा काम करना चाहते हैं उनका आप स्वागत करेगी।

आप की सदस्यता लेने के बाद राव ने कहा कि दिल्ली के विकास मॉडल की चर्चा पूरी दुनिया में है। वह यहां के शिक्षा और स्वास्थ्य मॉडल से बहुत प्रभावित हुए हैं।

राव ने कहा कि जब वह दिल्ली आते थे तो यहां के सरकारी स्कूलों में जाते थे। मोहल्ला क्लीनिकों को देखते थे। तब उन्हें लगता था कि ऐसी ही सुविधाएं कर्नाटक में भी होनी चाहिए।

राव ने कहा कि कर्नाटक का आम आदमी भी वहां बदलाव चाहता है। राज्य के लोग पुरानी पार्टियों को हटाकर नई पार्टी को मौका देना चाहते हैं।

उल्लेखनीय है कि पंजाब विधानसभा में आप को मिली जीत के बाद पार्टी पूरे देश में अपना विस्तार करना चाहती है।

दक्षिण भारत में भी पार्टी ने अपनी राजनीतिक जमीन की तलाश शुरू कर दी है। कर्नाटक में वर्ष 2023 में होने वाले विधानसभा चुनाव को लेकर पार्टी ने अभी से तैयारियां शुरु कर दी है।

इसी क्रम में आज कर्नाटक आप में वरिष्ठ आईपीएस अधिकारी भास्कर राव को पार्टी में शामिल किया गया है।

Share This Article