
गढ़वा:गढ़वा जिले के चिनिया थाना क्षेत्र में एक नर कंकाल मिलने से हड़कंप मच गया। मौके से मोबाइल के टुकड़े, कपड़े और बेल्ट भी बरामद किए गए। यह घटना चिनिया थाना क्षेत्र के मसरा गांव की है।
घटना की जानकारी मिलने के बाद पुलिस मौके पर पहुंची और कंकाल के अवशेष को कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी है. परिजनों ने अपहरण कर हत्या की आशंका जताई है।
बताया जा रहा है कि 13 मई की रात को जय मंगल सिंह के गांव के ही सुदामा सिंह के साथ विवाद हुआ था, जिसके बाद से वह लापता था।
मृतक के पिता सुकन सिंह ने बताया कि उन्हें लगा कि बेटा कहीं काम करने चला गया होगा, इसलिए थाने में सूचना नहीं दी गई। इस बीच सुबह कुछ ग्रामीण केंदू पत्ता तोड़ने लामी घुटरा जंगल की ओर गए थे, जिन्होंने क्षत-विक्षत हालत में नर कंकाल देखा। इसके बाद लोगों को इसकी जानकारी दी। साथ ही पुलिस भी सूचित किया गया।
परिजनों ने बरामद सामान के आधार पर शव की पहचान मसरा गांव निवासी जय मंगल सिंह (उम्र लगभग 30 वर्ष), पिता सुकन सिंह के रूप में की है। मामले में पुलिस ने पूछताछ के लिए सुदामा सिंह को हिरासत में लिया है। घटना के बाद पूरे इलाके में दहशत और चर्चा का माहौल है. जंगल में सैकड़ों लोगों की भीड़ जुटी। पुलिस का कहना है कि मामले की हर पहलू से जांच की जा रही है और दोषी को जल्द गिरफ्तार किया जाएगा।

