
गढ़वा: गढ़वा जिले के नगर उंटारी थाना क्षेत्र के कोईंदी गांव में शुक्रवार सुबह उस वक्त अफरा-तफरी मच गई जब सड़क किनारे खड़े एक ट्रक में अचानक भीषण आग लग गई। आग इतनी तेजी से फैली कि कुछ ही मिनटों में पूरा ट्रक उसकी चपेट में आ गया। देखते ही देखते वाहन पूरी तरह जलकर खाक हो गया। यह घटना सुबह करीब 5 बजे की बताई जा रही है, जिसके बाद पूरे इलाके में हड़कंप मच गया।
जानकारी के मुताबिक, ट्रक में ब्लीचिंग पाउडर लोड था, जिसे रेणुकूट से जालेश्वर ले जाया जा रहा था। ट्रक चालक अलीमन अंसारी ने बताया कि तबीयत खराब होने के कारण उन्होंने रात में ही वाहन मालिक को इसकी जानकारी दे दी थी। मालिक ने कहा था कि अगर तबीयत ठीक हो जाए तो आगे बढ़ें, नहीं तो सुबह दूसरा चालक भेज दिया जाएगा। इसके बाद चालक ट्रक को सड़क किनारे खड़ा कर अपने घर चला गया था।
ग्रामीणों ने की आग बुझाने की कोशिश
सुबह अचानक ट्रक में आग लगने की सूचना मिलते ही ग्रामीण मौके पर पहुंचे और आग बुझाने की कोशिश की। लेकिन आग इतनी भयानक थी कि कोई भी पास तक नहीं जा सका। इसके बाद तुरंत अग्निशमन विभाग को सूचना दी गई। फायर ब्रिगेड की टीम मौके पर पहुंची और कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया। हालांकि तब तक पूरा ट्रक जलकर पूरी तरह राख हो चुका था। फिलहाल आग लगने के कारणों का पता नहीं चल पाया है। पुलिस मामले की जांच में जुट गई है और हर पहलू से घटना की पड़ताल की जा रही है।

